23 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Punjab Desk: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए एक अहम फैसला लेते हुए ‘मेरी रसोई’ योजना की घोषणा की है। चंडीगढ़ में कैबिनेट बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम मान ने बताया कि राज्य के नीले कार्डधारक करीब 40 लाख परिवारों को अब गेहूं के साथ-साथ मुफ्त फूड किट भी दी जाएगी, ताकि उन्हें गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक आहार मिल सके।
सीएम ने बताया कि सरकार एक बार में तीन महीने (अप्रैल, मई और जून) की फूड किट उपलब्ध कराएगी। इस किट में 2 किलो मां छोले की दाल, 2 किलो चीनी, 1 किलो आयोडीन युक्त नमक, 200 ग्राम हल्दी पाउडर और 1 लीटर सरसों का तेल शामिल होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि फूड किट की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखी जाएगी और वही सामान दिया जाएगा, जो आम लोगों की रसोई में इस्तेमाल होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य पंजाब के हर बच्चे और हर नागरिक को तंदुरुस्त रखना है। कई गरीब परिवारों में बच्चों को समय पर पौष्टिक आहार नहीं मिल पाता, जिससे कुपोषण की समस्या सामने आती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह योजना शुरू की जा रही है, ताकि बच्चों और परिवारों को बेहतर पोषण मिल सके।
सीएम मान ने यह भी कहा कि उनकी सरकार केवल चुनावी घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता के कल्याण के लिए लगातार नए कदम उठा रही है। सरकार का संकल्प है कि पंजाब के हर घर में दोनों समय चूल्हा जले और थाली में पौष्टिक भोजन पहुंचे।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब विधानसभा का बजट सत्र 6 मार्च से 16 मार्च तक आयोजित किया जाएगा, जिसे जरूरत पड़ने पर आगे भी बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह बजट पूरी तरह जनता के हित में होगा।













