23 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Himachal Desk: कुल्लू जिले की उपतहसील नित्थर की कुठेड़ पंचायत के कटाहर गांव में शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज एक युवक ने युवती के घर में आग लगा दी। गनीमत रही कि पड़ोसियों की सतर्कता से परिवार समय रहते बाहर निकल आया और किसी की जान नहीं गई, हालांकि घर में रखा काफी सामान जलकर खाक हो गया। पुलिस ने आरोपी युवक को कार सहित गिरफ्तार कर लिया है और उसे अदालत में पेश कर तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे राजेश कुमार परिवार के साथ सो रहे थे, तभी आधे घंटे बाद घर की बाहरी दीवारों से आग की लपटें उठने लगीं। पड़ोसियों ने आग देखकर शोर मचाया, जिससे परिवार जाग गया और तुरंत बाहर निकल आया। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन पुराने मकान में रखी देवदार की लकड़ी, सेब की जालियां, प्लास्टिक के किल्टे, ईंधन की लकड़ी और बिजली मीटर के तार जल गए।
पीड़ित परिवार ने बताया कि पंकज शर्मा नामक युवक उनकी बेटी से शादी का दबाव बना रहा था। इनकार करने पर उसने फोन पर धमकी दी थी कि शादी न हुई तो पूरे परिवार को घर सहित जला देगा। शुक्रवार रात उसने अपनी धमकी को अंजाम दिया और कार से मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस चौकी लूहरी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आरोपी को लूहरी चौक से कार सहित पकड़ लिया गया। एसपी कुल्लू मदन लाल ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।













