शिमला 21 फरवरी, 2026 Fact Recorder
Himachal Desk: विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ‘पहाड़ों की रानी’ शिमला में बड़ी संख्या में देशी विदेशी पर्यटक भ्रमण के लिए आते है। इसके महत्व को देखते हुए राज्य सरकार ने लक्कड़ बाजार स्थित ऐतिहासिक आइस-स्केटिंग रिंक के कायाकल्प का निर्णय लिया है। वर्ष 1920 में ब्रिटिश काल के दौरान स्थापित इस रिंक ने हज़ारों उभरते हुए आइस स्केटर्स के हुनर को निखारा है। अब इसे लगभग 20.22 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा।
राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि इस पुनर्विकास परियोजना का उद्देश्य शिमला आने वाले पर्यटकों को बेहतरीन अनुभव प्रदान करना है। इससे क्षेत्र में शीतकालीन खेलों को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रस्तावित योजना के तहत कुछ पुरानी और अनुपयोगी अधोसंरचना को नए विकास कार्यों के लिए हटाया जाएगा।
शहर के मध्य स्थित उन्नत आइस-स्केटिंग रिंक में किए जाने वाले सुधार कार्यों से पर्यटन गतिविधियों, आइस हॉकी तथा फिगर स्केटिंग जैसे खेलों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इससे खेल प्रेमियों को प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धा के नए अवसर मिलेगे साथ ही उभरते स्केटर्स, पेशेवर खिलाड़ियों और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होगीं। यह रिंक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी के एक मंच के रूप में भी उभरेगा, जिससे शिमला को खेल मानचित्र पर विशेष स्थान मिलेगा।
इस महत्वकांक्षी परियोजना के तहत 2.81 करोड़ रुपये की लागत से नए क्लब हाउस बिल्डिंग का निर्माण, 16.09 करोड़ रुपये से आइस-स्केटिंग रिंक के बुनियादी ढांचे का निर्माण और 1.21 करोड़ रुपये से स्टोर, सूवनिर शॉप तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं पर खर्च किए जाएंगे।













