21 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Health Desk: खाना खाने के 3–4 घंटे बाद भूख लगना सामान्य माना जाता है, लेकिन अगर भोजन के एक-दो घंटे के भीतर ही बार-बार भूख लगने लगे या कुछ न कुछ खाने की तलब बनी रहे, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। डॉक्टरों के अनुसार, यह संकेत हो सकता है कि शरीर में इंसुलिन सही तरह से काम नहीं कर रहा, जो आगे चलकर डायबिटीज या प्री-डायबिटीज की ओर इशारा कर सकता है।
American Diabetes Association के मुताबिक, बार-बार भूख लगना इस बात का संकेत है कि शरीर में ब्लड शुगर लेवल संतुलित नहीं है। जब इंसुलिन खून में मौजूद ग्लूकोज को सही तरीके से शरीर की कोशिकाओं तक नहीं पहुंचा पाता, तो शरीर को पर्याप्त ऊर्जा नहीं मिलती। नतीजतन दिमाग बार-बार भूख का सिग्नल देने लगता है। मेडिकल भाषा में इस स्थिति को पॉलीफेजिया (Polyphagia) कहा जाता है।
डायबिटीज का शुरुआती इशारा
एक्सपर्ट्स बताते हैं कि यह समस्या कई बार प्री-डायबिटीज की शुरुआत भी हो सकती है। अक्सर लोग इसे मामूली समझकर टाल देते हैं, लेकिन शुरुआती स्टेज पर खानपान और लाइफस्टाइल में बदलाव करके इसे कंट्रोल किया जा सकता है। समय रहते ध्यान न दिया जाए, तो यही स्थिति आगे चलकर डायबिटीज का रूप ले सकती है। एक बार डायबिटीज हो जाने पर इसे पूरी तरह ठीक नहीं किया जा सकता, बल्कि सिर्फ कंट्रोल किया जाता है।
इन लक्षणों के साथ दिखे तो रहें सतर्क
जरूरत से ज्यादा भूख लगना
बार-बार प्यास लगना
बार-बार पेशाब आना
लगातार थकान और कमजोरी
धुंधला दिखाई देना
किन लोगों को ज्यादा खतरा रहता है?
परिवार में किसी को डायबिटीज होना
ज्यादा मीठा या जंक फूड खाना
वजन ज्यादा होना
एक्सरसाइज न करना
लंबे समय तक बैठकर काम करना
बचाव के लिए क्या करें?
डाइट में फैट कम और प्रोटीन ज्यादा शामिल करें
रोज कम से कम 15–30 मिनट एक्सरसाइज करें
मीठा और प्रोसेस्ड फूड कम करें
तनाव से बचें
नियमित रूप से ब्लड शुगर की जांच कराएं
शुगर लेवल बढ़ा मिले तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें
अगर आपको बार-बार भूख लगने के साथ ये लक्षण भी महसूस हो रहे हैं, तो इसे हल्के में न लें। समय पर जांच और सही आदतें अपनाकर डायबिटीज के खतरे को काफी हद तक टाला जा सकता है।













