21 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: देश की राजधानी दिल्ली में संभावित आतंकी खतरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया है। खुफिया इनपुट के मुताबिक, आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा दिल्ली के ऐतिहासिक और भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाने की साजिश रच रहा है। जानकारी है कि लाल किला के आसपास धमाके की योजना बनाई जा रही है, जबकि चांदनी चौक स्थित एक प्रमुख मंदिर को भी संभावित लक्ष्य बताया गया है।
सूत्रों के अनुसार, संगठन IED हमले की तैयारी में जुटा हो सकता है। बताया जा रहा है कि इस्लामाबाद में 6 फरवरी को एक मस्जिद में हुए विस्फोट के बाद यह नेटवर्क भारत में बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।
इनपुट मिलते ही दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है, सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।













