20 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
International Desk: ‘एलियंस’ और UFO को लेकर दुनिया भर में लोगों की जिज्ञासा हमेशा से रही है। भारत में भी इस विषय पर फिल्में बन चुकी हैं, जिनमें कोई मिल गया खास तौर पर याद की जाती है। अब इसी रहस्यमयी विषय पर अमेरिका से एक बड़ा बयान सामने आया है, जिसने एक बार फिर बहस को तेज कर दिया है।
एलियंस और UFO पर ट्रंप का बड़ा ऐलान
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 19 फरवरी को कहा कि वे एलियंस, बाहरी जीवन और अनआइडेंटिफाइड फ्लाइंग ऑब्जेक्ट्स (UFO/UAP) से जुड़े सभी खुफिया सरकारी दस्तावेजों की पहचान कर उन्हें जारी करने की प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दे रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि इस विषय में लोगों की जबरदस्त दिलचस्पी है और यह मामला “बहुत जटिल, बेहद दिलचस्प और जरूरी” है। हालांकि, उन्होंने यह साफ नहीं किया कि ये दस्तावेज आम जनता के लिए पूरी तरह सार्वजनिक होंगे या नहीं।
ट्रुथ सोशल पर क्या बोले ट्रंप?
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर लिखा कि वे रक्षा मंत्रालय और अन्य संबंधित एजेंसियों को निर्देश दे रहे हैं कि एलियंस, बाहरी जीवन, UAP और UFO से जुड़ी हर तरह की सरकारी जानकारी और फाइलों को चिन्हित कर जारी करने की शुरुआत की जाए। उनके मुताबिक, इन दस्तावेजों में कई अहम और संवेदनशील जानकारियां शामिल हो सकती हैं।
ओबामा के बयान से क्यों मची हलचल?
ट्रंप का यह निर्देश ऐसे समय आया है, जब पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के एक बयान ने हलचल मचा दी थी। ओबामा ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में कहा था कि एलियंस को लेकर कई कहानियां हैं, लेकिन उन्होंने खुद कभी एलियंस नहीं देखे और न ही उन्हें अमेरिका के गुप्त एयर बेस Area 51 में रखा गया है। उन्होंने यह भी कहा था कि एरिया 51 में कोई अंडरग्राउंड फैसिलिटी नहीं है।
ट्रंप का पलटवार
ओबामा के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने आरोप लगाया कि उन्होंने ऐसी क्लासिफाइड जानकारी साझा की, जो नहीं करनी चाहिए थी। ट्रंप का कहना है कि पृथ्वी से बाहर जीवन के अस्तित्व से जुड़ी कुछ जानकारियां अब तक गोपनीय रखी गई हैं और इसी वजह से वे सभी संबंधित फाइलें सामने लाना चाहते हैं।
अब आगे क्या?
ट्रंप के इस आदेश के बाद यह सवाल फिर से चर्चा में है कि क्या अमेरिका के पास वास्तव में एलियंस या UFO से जुड़ी ठोस जानकारी है, या यह सिर्फ रहस्यों और कयासों का सिलसिला है। आने वाले दिनों में अगर ये फाइलें सार्वजनिक होती हैं, तो एलियंस को लेकर दुनिया की सोच में बड़ा बदलाव आ सकता है।













