20 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Business Desk: सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है, लेकिन आज दोनों कीमती धातुओं में मजबूती देखने को मिली। सर्राफा बाजार में चांदी 1,560 रुपये की बढ़त के साथ 2.44 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई, जबकि सोना बढ़कर 1.55 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार करता दिखा।
वैश्विक संकेतों और जियोपॉलिटिकल तनाव के चलते हालिया दिनों में कीमती धातुओं में करीब 7% तक की तेजी दर्ज की गई है। इसका असर निवेशकों के साथ-साथ शादी-ब्याह के लिए गहने खरीदने वालों पर भी पड़ रहा है।
MCX और सर्राफा बाजार का हाल
राजधानी के सर्राफा बाजार में सोना 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.60 लाख रुपये प्रति किलो के आसपास पहुंच गई है। वहीं, Multi Commodity Exchange of India (MCX) पर सोना करीब 1,54,700 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,41,400 रुपये प्रति किलो के स्तर पर बनी हुई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि सोने की तुलना में चांदी में ज्यादा अस्थिरता देखने को मिल रही है। MCX पर चांदी एक समय रिकॉर्ड उछाल के साथ 4.20 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंची थी, लेकिन इसके बाद तेज गिरावट आई। फिलहाल यह 2.41 लाख रुपये के आसपास ट्रेड कर रही है। इंडस्ट्री डिमांड, ग्लोबल ट्रेंड और निवेशक सेंटीमेंट को इस उतार-चढ़ाव का मुख्य कारण माना जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिला सपोर्ट
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं में मजबूती दिखी। COMEX ट्रेड में सोना शुरुआती गिरावट के बाद 5,018.20 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया, जबकि स्पॉट सिल्वर 0.67% की तेजी के साथ 78.15 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता नजर आया।
मार्केट एनालिस्ट्स के अनुसार, अमेरिका–ईरान वार्ता में ठोस प्रगति न होने से सेफ-हेवन डिमांड बढ़ी है। साथ ही, Augmont Bullion की हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, लूनर न्यू ईयर के दौरान एशियाई बाजारों में कम लिक्विडिटी के चलते गोल्ड मार्केट कंसोलिडेशन फेज में रहा और कीमतों पर टेक्निकल फैक्टर्स का असर ज्यादा दिखा।
कुल मिलाकर, विशेषज्ञ मानते हैं कि दीर्घकालिक निवेशक मौजूदा उतार-चढ़ाव को खरीदारी के मौके के तौर पर देख सकते हैं।













