बघौला गांव में श्रीमद् भागवत सप्ताह कथा और देव प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ

17 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Haryana Desk: पलवल जिले के गांव बघौला में सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ एवं देव प्रतिष्ठा महोत्सव की शुरुआत हुई। गाजे-बाजे और भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालुओं ने हाईवे मार्ग से पूरे गांव की परिक्रमा की। कलश यात्रा में विशेष रूप से बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

कलश यात्रा ज्ञानचंद नम्बरदार के प्लॉट से प्रारंभ होकर गांव की परिक्रमा करते हुए पुनः वहीं संपन्न हुई। बघेल चौपाल के समीप स्थित मंदिर का जीर्णोद्धार कर शिव परिवार, हनुमान जी और शीतला माता की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इसी उपलक्ष्य में इस सात दिवसीय कथा का आयोजन किया गया है।

शोभायात्रा के पश्चात कथा व्यास आचार्य पंडित धर्मकृष्ण तिवारी ने अपनी मधुर वाणी से पहले दिन श्रीमद् भागवत कथा की महिमा का वर्णन किया। परीक्षित की भूमिका में चिरंजी लाल अपनी पत्नी कुन्ती के साथ उपस्थित रहे। कथा के दौरान धुंधकारी प्रसंग का उल्लेख करते हुए पंडित तिवारी ने बताया कि श्रद्धा और भाव से कथा श्रवण करने मात्र से भी मोक्ष की प्राप्ति संभव है।

यह धार्मिक आयोजन बघेल समाज द्वारा कराया जा रहा है। कार्यक्रम में गिर्राज सिंह बघेल, छाजू राम बघेल, रघुबीर चंदेल, दयाराम बघेल, संदीप नम्बरदार, परसराम मेहम्बर, चोखराम मेहम्बर, सुखराम मेहम्बर, कृष्ण मुरारी और शोभाराम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।