अनिल विज बाथरूम में फिसले, दोनों पैरों में फ्रैक्चर; डॉक्टरों ने दी एक महीने बेड रेस्ट की सलाह

17 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Haryana Desk:  हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज अपने घर पर एक हादसे का शिकार हो गए। जानकारी के मुताबिक वह बाथरूम में नहाते समय अचानक फिसलकर गिर पड़े, जिससे उनके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया। डॉक्टरों ने उनके पैरों में प्लास्टर चढ़ा दिया है और करीब एक महीने के बेड रेस्ट की सलाह दी है। फिलहाल उनका इलाज घर पर ही चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही समर्थक और परिचित उनके आवास पर पहुंचकर हालचाल ले रहे हैं।

हाल ही में अनिल विज उस समय सुर्खियों में आए थे जब कैथल में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक के दौरान उनका एक वीडियो वायरल हुआ था। बैठक में एक धोखाधड़ी मामले को लेकर उन्होंने एक पुलिस कर्मचारी को निलंबित करने के निर्देश दिए थे। उस दौरान कैथल की एसपी ने इसे अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर बताया, जिस पर विज नाराज हो गए और डीजीपी को पत्र लिखने के निर्देश दिए। बाद में एसपी ने मंत्री के आदेश का हवाला देते हुए कार्रवाई की बात स्वीकार की।

72 वर्षीय विज अपने बेबाक और सख्त अंदाज के लिए जाने जाते हैं। अधिकारियों पर कड़े तेवर अपनाने की वजह से उन्हें हरियाणा में ‘गब्बर’ के नाम से भी जाना जाता है। वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी काफी सक्रिय रहते हैं और विभिन्न मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखते हैं।

अनिल विज 2024 के विधानसभा चुनाव में लगातार सातवीं बार अंबाला कैंट से विधायक चुने गए हैं। वर्तमान में उनके पास ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्रालय की जिम्मेदारी है। इससे पहले राज्य सरकार के दूसरे कार्यकाल में उनके पास गृह और स्वास्थ्य मंत्रालय था। 1991 में पहली बार विधायक बने विज ने 1996 और 2000 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भी जीत दर्ज की थी। 2005 में हार के बाद उन्होंने 2009, 2014, 2019 और 2024 में लगातार जीत हासिल कर अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ साबित की।