16 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Haryana Desk: अंबाला में सोमवार सुबह एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अंबाला–दिल्ली नेशनल हाईवे पर टांगरी पुल के पास तेज रफ्तार लोडिंग ट्रक अनियंत्रित होकर पहले एक कार से टकराया और फिर पास से गुजर रही बाइक पर पलट गया। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की ट्रक के नीचे दबने से मौके पर ही मौ*त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। कार को पीछे से टक्कर मारने के बाद ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह साथ चल रही बाइक को अपनी चपेट में लेते हुए उस पर पलट गया। कार सवार लोग इस हादसे में बाल-बाल बच गए, लेकिन बाइक सवार युवकों को बचाया नहीं जा सका।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। ट्रक के नीचे दबे श*वों और बाइक को बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला जा सका। ट्रक के भारी वजन से बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।













