16 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Education Desk: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने वर्ष 2026 में कक्षा 12वीं की प्रैक्टिकल बोर्ड परीक्षा दोबारा देने वाले निजी (प्राइवेट) छात्रों के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। बोर्ड के अनुसार, कक्षा 12 की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 23 फरवरी से 17 मार्च 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी।
जिन विषयों में प्रैक्टिकल नहीं, वहां क्या होगा नियम?
सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि जिन विषयों में प्रैक्टिकल घटक नहीं है, उनमें प्रोजेक्ट वर्क या आंतरिक मूल्यांकन नहीं कराया जाएगा। ऐसे मामलों में प्रोजेक्ट/इंटरनल असेसमेंट के अंक, थ्योरी परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर अनुपात में जोड़े जाएंगे।
स्कूलों के लिए अहम निर्देश
बोर्ड ने सभी संबद्ध स्कूलों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्र पर आंतरिक परीक्षक (इंटरनल एग्जामिनर) उपलब्ध हों। यदि संबंधित विषय का शिक्षक स्कूल में मौजूद नहीं है, तो पास के किसी अन्य सीबीएसई संबद्ध स्कूल से योग्य शिक्षक की नियुक्ति की जाएगी।
साथ ही, केवल क्षेत्रीय कार्यालयों से भेजी गई प्रैक्टिकल उत्तर पुस्तिकाओं का ही उपयोग करने को कहा गया है और सभी विवरण सही व सावधानीपूर्वक भरने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा केंद्र और परीक्षक की नियुक्ति
आधिकारिक सूचना के मुताबिक, प्रैक्टिकल परीक्षाएं उन्हीं स्कूलों/केंद्रों पर होंगी जो थ्योरी परीक्षा के लिए निर्धारित हैं। सभी छात्रों के लिए बाहरी परीक्षक (एक्सटर्नल एग्जामिनर) की नियुक्ति क्षेत्रीय निदेशक/अधिकारी करेंगे, जबकि आंतरिक परीक्षक की नियुक्ति केंद्र अधीक्षक अपने स्कूल के शिक्षकों में से करेंगे।
किन छात्रों को मिलेगा मौका?
वे छात्र जिन्होंने 2024 या 2025 में कक्षा 12 की प्रैक्टिकल परीक्षा दी थी, लेकिन दोबारा परीक्षा, अनुपस्थिति या किसी अन्य वैध कारण से उनके अंक उपलब्ध नहीं हैं।
इसके अलावा, 2023 या उससे पहले के वे छात्र जिन्होंने निजी श्रेणी में पूरे विषयों के साथ आवेदन किया है, वे भी अपने संबंधित प्रैक्टिकल विषयों की परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
सीबीएसई ने छात्रों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों और नियमों का पालन करें, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी की जा सके।













