हिमाचल के किन्नौर में दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी कार, 4 की मौ*त, एक गंभीर

14 February 2026 Fact Recorder

Himachal Desk:  हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। भावानगर उपमंडल के तहत जानी संपर्क मार्ग पर टापरी से जानी की ओर जा रही एक कार (HP 26B 8999) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौ*त हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना सुबह करीब 7 बजे हुई। कार में कुल पांच लोग सवार थे। संकरी और घुमावदार सड़क पर चालक का संतुलन बिगड़ते ही वाहन सीधे खाई में गिर गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान हिमेश कुमार (19) पुत्र नरेश कुमार निवासी जानी (निचार), कृष्णा (42) पत्नी नरेश कुमार, सुषमा (47) पत्नी रोशन लाल निवासी ग्रांगे (निचार) और इंद्र लाल (30) पुत्र हरि लाल निवासी जानी के रूप में हुई है। सभी मृतक निचार तहसील के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं। गंभीर रूप से घायल विद्या कृष्ण (32) को छोल्टू अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए पीएचसी टापरी भेज दिया गया है। कार्यवाहक एसपी व डीएसपी भावानगर राजकुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए सड़क की स्थिति, वाहन की तकनीकी हालत और चालक की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

इस हृदयविदारक हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।