12 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollywood Desk: संगीतकार एआर रहमान के बॉलीवुड में सांप्रदायिकता से जुड़े बयान पर मचा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब इस मुद्दे पर 90 के दशक की मशहूर गायिका अनुराधा पौडवाल ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ कहा कि एआर रहमान एक सीनियर और स्थापित कलाकार हैं और ऐसे विवाद उनके कद को नुकसान नहीं पहुंचा सकते।
एएनआई से बातचीत में अनुराधा पौडवाल ने कहा कि वह रहमान को व्यक्तिगत रूप से ज्यादा नहीं जानतीं, लेकिन उनके संगीत से उनकी पहचान जरूर है। सिंगर के मुताबिक, रहमान के गानों से यह साफ झलकता है कि वह एक आध्यात्मिक सोच वाले इंसान हैं।
‘मीडिया इंटरव्यू में उलझे सवाल पूछता है’
अनुराधा पौडवाल ने मीडिया इंटरव्यू को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा,
“मीडिया अक्सर ऐसे सवाल पूछता है, जिनसे जवाब उलझे हुए निकलें। इंडस्ट्री में मुझे कई साल हो चुके हैं और मैंने देखा है कि साधारण और बिना मसाले वाला इंटरव्यू किसी को नहीं चाहिए।”
‘रहमान बहुत कुछ हासिल कर चुके हैं’
एआर रहमान के करियर को लेकर अनुराधा ने कहा,
“रहमान ने हमें कई बेहतरीन गाने दिए हैं और उन्होंने अपने जीवन में बहुत कुछ हासिल किया है। वह उस मुकाम पर हैं, जहां उनके करियर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकता। एक सीनियर आर्टिस्ट होने के नाते मुझे लगता है कि वह इन विवादों से बहुत ऊपर हैं।”
क्या था पूरा विवाद?
दरअसल, एआर रहमान ने बीबीसी एशियन नेटवर्क को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि मौजूदा दौर में फिल्म इंडस्ट्री में रचनात्मकता की कमी है और उन्हें कम काम मिलना कहीं न कहीं सांप्रदायिक वजहों से भी जुड़ा हो सकता है। इस बयान के बाद इंडस्ट्री में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं। बाद में रहमान ने सफाई देते हुए विवाद को शांत करने की कोशिश भी की थी।
काम की बात करें तो एआर रहमान इन दिनों फिल्म ‘रामायण’ के म्यूजिक प्रोजेक्ट में व्यस्त हैं।











