12 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: केंद्र सरकार के नए लेबर कोड, VB-G-RAM G एक्ट (पूर्व मनरेगा) और भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में गुरुवार को देशभर में ट्रेड यूनियनों और किसान संगठनों ने भारत बंद का आह्वान किया। इसी बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बड़ा सवाल खड़ा किया है।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मजदूरों और किसानों की आवाज को लगातार नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि जब लाखों लोग अपने अधिकारों और आजीविका की सुरक्षा के लिए सड़कों पर उतर रहे हैं, तब सरकार उनकी चिंताओं को दबाने का काम कर रही है।
लेबर कोड और US ट्रेड डील पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने X पर लिखा,

“आज देशभर में लाखों मजदूर और किसान अपने हक की आवाज बुलंद करने के लिए सड़कों पर हैं। मजदूरों को डर है कि चार श्रम संहिताएं उनके अधिकारों को कमजोर कर देंगी, जबकि किसानों को आशंका है कि अमेरिका के साथ किया गया व्यापार समझौता उनकी आजीविका पर चोट करेगा।”
उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील से देश के किसानों को नुकसान होने का खतरा है और यह समझौता उनकी आर्थिक सुरक्षा को कमजोर कर सकता है।
‘गांवों का आखिरी सहारा भी छिन सकता है’
राहुल गांधी ने मनरेगा का जिक्र करते हुए कहा कि इसे कमजोर या समाप्त करने से ग्रामीण भारत का आखिरी सहारा भी छिन सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूरों और किसानों के भविष्य से जुड़े फैसले उनकी सहमति और संवाद के बिना लिए गए।
उन्होंने VB-G-RAM G एक्ट को संसद में भी मजदूर विरोधी बताते हुए इसका विरोध किया है और इसे गरीबों के साथ धोखा करार दिया है।
प्रधानमंत्री से सीधा सवाल
अपने पोस्ट के अंत में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी से सवाल करते हुए कहा,
“क्या मोदीजी अब सुनेंगे? या उन पर किसी ‘grip’ की पकड़ बहुत मजबूत है?”
उन्होंने यह भी कहा कि वह मजदूरों और किसानों के संघर्ष के साथ मजबूती से खड़े हैं।
गौरतलब है कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में संसद परिसर में भी विपक्षी सांसदों ने प्रदर्शन किया, जिसमें राहुल गांधी शामिल रहे। विपक्ष ने किसान संगठनों के भारत बंद को अपना समर्थन दिया है।











