भारत-अमेरिका ट्रेड डील किसानों के साथ सबसे बड़ी गद्दारी: कुलदीप धालीवाल का भाजपा पर तीखा हमला

12 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Punjab Desk: आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को देश के किसानों के खिलाफ सबसे बड़ी गद्दारी करार दिया है। उन्होंने इस डील का समर्थन कर रहे पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ पर तीखा हमला बोलते हुए चुनौती दी कि वे बयानबाजी करने के बजाय समझौते का असली ड्राफ्ट देश के सामने रखें।

बुधवार को ‘आप’ नेता प्रभवीर बराड़ के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए धालीवाल ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार ने भारतीय उत्पादों पर टैरिफ बढ़ाकर 18 प्रतिशत कर दिया है, जबकि मोदी सरकार ने अमेरिकी उत्पादों पर टैक्स 7.7 प्रतिशत से घटाकर शून्य कर दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब भारतीय किसान को अमेरिका में 18 प्रतिशत टैक्स देना पड़ेगा और अमेरिकी किसान भारत में बिना टैक्स के माल बेचेगा, तो इसे बराबरी का समझौता कैसे कहा जा सकता है।

धालीवाल ने चेतावनी दी कि इस डील के जरिए अमेरिका की लाल ज्वार भारतीय मंडियों में प्रवेश करेगी, जिससे पंजाब, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में मक्का, बाजरा और ज्वार उगाने वाले किसान भारी नुकसान में चले जाएंगे। उन्होंने कहा कि जीरो टैरिफ लागू होने से कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के सेब, बादाम और अखरोट उत्पादक भी बुरी तरह प्रभावित होंगे।

सुनील जाखड़ पर तंज कसते हुए धालीवाल ने कहा कि जिस तरह पहले बादल परिवार तीन काले कृषि कानूनों की वकालत करता था, आज उसी तरह जाखड़ इस डील का बचाव कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि कहीं भाजपा की चाकरी करते-करते जाखड़ का राजनीतिक हश्र भी अकाली दल जैसा न हो जाए। धालीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि जाखड़ पहले कांग्रेस में रहते हुए गांधी परिवार की पैरवी करते थे और अब मोदी सरकार की नीतियों का समर्थन कर देश के हितों से समझौता कर रहे हैं।

‘आप’ प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि अब तक इस ट्रेड डील की जानकारी सिर्फ ट्रंप के ट्वीट्स से मिल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न तो संसद में कोई स्पष्ट बयान दिया और न ही देश को विश्वास में लिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने देश के किसानों और अर्थव्यवस्था को अमेरिका के हाथों गिरवी रख दिया है।

धालीवाल ने कहा कि यह लड़ाई केवल किसानों की नहीं, बल्कि पूरे देश की है। उन्होंने एलान किया कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे पर भाजपा को रोजाना जवाब देगी और कथित किसान-विरोधी नीतियों को जनता के सामने उजागर करती रहेगी।