11 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: देशभर में 12 फरवरी 2026 को भारत बंद का एलान किया गया है। यह देशव्यापी हड़ताल नए लेबर कोड और भारत–अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और किसान संगठनों द्वारा बुलाई गई है। बंद को लेकर आम लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि कल कौन-सी सेवाएं बंद रहेंगी और क्या-क्या चालू रहेगा। आइए जानते हैं पूरी डिटेल।
12 फरवरी को क्यों बुलाया गया भारत बंद?
यह भारत बंद 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच द्वारा आयोजित किया गया है, जिनमें INTUC, AITUC, HMS, CITU, AIUTUC, TUCC, SEWA, AICCTU, LPF और UTUC शामिल हैं।
यूनियनों का आरोप है कि चार नए लेबर कोड से कर्मचारियों के अधिकार कमजोर, नौकरी की सुरक्षा कम और नियुक्ति व बर्खास्तगी आसान हो जाती है। इसके अलावा निजीकरण, रुकी हुई मजदूरी और सामाजिक सुरक्षा की कमी को लेकर भी विरोध जताया जा रहा है।
वहीं, संयुक्त किसान मोर्चा और ऑल इंडिया किसान सभा ने भी भारत बंद का समर्थन किया है। किसान संगठनों का कहना है कि भारत–अमेरिका ट्रेड डील से घरेलू कृषि क्षेत्र को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही ड्राफ्ट सीड बिल, बिजली संशोधन विधेयक, SHANTI एक्ट को वापस लेने और MGNREGA बहाल करने जैसी मांगें भी रखी गई हैं।
क्या-क्या रहेगा बंद?
बैंक सेवाएं: कई राज्यों में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की शाखाओं पर असर पड़ सकता है। हालांकि ATM और ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहने की संभावना है।
सार्वजनिक परिवहन: बस, ऑटो और अन्य स्थानीय परिवहन सेवाएं कुछ राज्यों में प्रभावित हो सकती हैं।
सरकारी सेवाएं: कई सरकारी दफ्तरों और सेवाओं पर आंशिक असर पड़ सकता है।
स्कूल-कॉलेज: कुछ राज्यों और जिलों में स्थानीय स्तर पर स्कूल-कॉलेज बंद रह सकते हैं।
क्या-क्या रहेगा चालू?
अस्पताल और एम्बुलेंस सेवाएं
आपात और जरूरी सेवाएं
हवाई अड्डे और उड़ान सेवाएं (हालांकि यातायात में देरी संभव)
दवाइयों की दुकानें और मेडिकल सेवाएं
आम जनता के लिए सलाह
भारत बंद के चलते यातायात और बैंकिंग सेवाओं में आंशिक बाधा आ सकती है। ऐसे में लोगों को गैर-जरूरी यात्रा से बचने और जरूरी काम पहले निपटाने की सलाह दी जा रही है।
कुल मिलाकर, 12 फरवरी का भारत बंद कई राज्यों में सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर सकता है, हालांकि आवश्यक और आपात सेवाएं चालू रहने की उम्मीद है।











