11 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Haryana Desk: हरियाणा के फतेहाबाद की रहने वाली 27 वर्षीय सपना संदिग्ध परिस्थितियों में वृंदावन से लापता हो गई है। सपना अपने पति के साथ घूमने के लिए वृंदावन आई थी, लेकिन 8 फरवरी को भीड़ के बीच अचानक गायब हो गई। घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहा है।
एक साल पहले हुई थी शादी
मिली जानकारी के मुताबिक, सपना की शादी करीब एक साल पहले हिसार निवासी संजय से हुई थी। सपना एक निजी कंपनी में चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) के रूप में कार्यरत बताई जा रही है। दंपती 6 फरवरी को वृंदावन पहुंचे थे और धार्मिक स्थलों के दर्शन कर रहे थे।
भीड़ में अचानक लापता
पति संजय के अनुसार, 8 फरवरी को दोनों चीरघाट इलाके में यमुना में बोटिंग के बाद बांके बिहारी मंदिर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भारी भीड़ के चलते सपना अचानक नजरों से ओझल हो गई। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। घटना के बाद से सपना का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ बताया जा रहा है।
पिता ने पुलिस पर लगाए आरोप
सपना के पिता बलवंत बिश्नोई, जो हरियाणा में सिविल डिफेंस के होमगार्ड प्लाटून कमांडर हैं, ने वृंदावन पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया और उन्हें अलग-अलग थानों के चक्कर काटने पड़े।
उन्होंने बताया कि 112 पर कॉल करने पर पर्यटन थाने जाने को कहा गया, लेकिन वहां थाना बंद मिला। इसके बाद वृंदावन कोतवाली में शिकायत देने के करीब 26 घंटे बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई।
पुलिस का पक्ष
वृंदावन कोतवाली पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है। सपना की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के जरिए लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।











