नगर निगम सदन में बैनर पर सियासी संग्राम, आप और कांग्रेस के बीच तीखी नोकझो

11 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Chandigarh Desk:  नगर निगम सदन में उस समय माहौल गरमा गया, जब एक बैनर को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के पार्षद आमने-सामने आ गए। कभी मिलकर नगर निगम की सत्ता चला चुके दोनों दलों के बीच अब खुलकर तल्खी देखने को मिल रही है। जनरल हाउस की बैठक के दौरान सदन में लगे एक बैनर ने सियासी विवाद को जन्म दे दिया।

बैठक के दौरान प्रदर्शित बैनर पर लिखा था— “जिसने गठबंधन तुड़वाया, वो जरनैल है।” इस संदेश को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने कड़ा विरोध जताया और आम आदमी पार्टी पर सीधा निशाना साधा। कांग्रेस का कहना था कि इस तरह की टिप्पणी सदन की गरिमा के खिलाफ है और इसे तुरंत हटाया जाना चाहिए।

वहीं, आप पार्षदों ने पलटवार करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर सवाल उनसे नहीं, बल्कि पार्टी के सांसद से पूछे जाने चाहिए। इस जवाब के बाद दोनों पक्षों के बीच बहस और तेज हो गई, जिससे सदन का माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।

इस दौरान भाजपा पार्षदों ने भी मौके का फायदा उठाते हुए आप और कांग्रेस के बीच चल रही खींचतान पर तंज कसे। भाजपा का कहना था कि जो दल पहले साथ मिलकर सत्ता में थे, वही अब एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।

हंगामा बढ़ता देख मेयर सौरभ जोशी ने हस्तक्षेप किया और सभी पार्षदों को सदन की मर्यादा बनाए रखने की नसीहत दी। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी व्यक्ति विशेष पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। मेयर ने कहा, “सांसद सदन के सदस्य हैं। चाहे जरनैल सिंह हों या कोई और, व्यक्तिगत टिप्पणियों से बचना चाहिए।”

मेयर की अपील के बाद स्थिति कुछ हद तक शांत हुई, हालांकि सदन में आप और कांग्रेस के बीच राजनीतिक तनाव साफ तौर पर नजर आता रहा।