11 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollywood Desk: ‘बिग बॉस 19’ के खत्म होते ही दर्शकों की नजरें अब ‘बिग बॉस 20’ पर टिक गई हैं। अगले सीजन के संभावित प्रतिभागियों को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हैं। इन्हीं अटकलों के बीच मशहूर सितार वादक और संगीतकार भागीरथ भट्ट का नाम भी सामने आ रहा है। माना जा रहा है कि वह ‘बिग बॉस 20’ में बतौर कंटेस्टेंट नजर आ सकते हैं।
न्यूज पेट्रोलिंग के मुताबिक, भागीरथ भट्ट का नाम उन चर्चित चेहरों में शामिल है, जिन्हें दर्शक शो में देखने के इच्छुक हैं। अपने संगीत से लाखों दिल जीत चुके भागीरथ ने बॉलीवुड और इंटरनेशनल मंचों पर भी अपनी खास पहचान बनाई है।
इन फिल्मों से बनाई पहचान
भागीरथ भट्ट ने ‘पद्मावत’, ‘भूल भुलैया 3’ और ‘बॉर्डर 2’ जैसी बड़ी फिल्मों में अपने संगीत से अलग छाप छोड़ी है। उनके म्यूजिक कलेक्शन में शास्त्रीय, भक्ति और आध्यात्मिक रचनाएं भी शामिल हैं। भारत के साथ-साथ विदेशों में भी वह कई प्रतिष्ठित मंचों पर परफॉर्म कर चुके हैं।
हालांकि, रियलिटी शो में उनकी एंट्री को लेकर अभी केवल अटकलें ही लगाई जा रही हैं। उनके करीबी लोगों का कहना है कि भागीरथ रियलिटी टीवी से ज्यादा संगीत साधना और नए प्रोजेक्ट्स पर फोकस करते हैं।
कौन हैं भागीरथ भट्ट?
भागीरथ कुमार पंकजभाई भट्ट का जन्म 31 मई 1991 को गुजरात के जामनगर में हुआ था। वह संगीत से जुड़े परिवार में पले-बढ़े। उनके पिता पंकज कुमार दिनेशचंद्र भट्ट ने महज छह साल की उम्र में उन्हें शास्त्रीय संगीत की शिक्षा देनी शुरू कर दी थी। इसके बाद भागीरथ ने देश के कई नामी गुरुओं से संगीत की ट्रेनिंग ली।
शिक्षा और सम्मान
भागीरथ भट्ट ने महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा से इंस्ट्रुमेंटल सितार में परफॉर्मिंग आर्ट्स में स्नातक और परास्नातक की पढ़ाई की। हाल ही में, भारतीय संगीत में वैश्विक स्तर पर योगदान के लिए उन्हें स्विट्जरलैंड के डंस्टर बिजनेस स्कूल द्वारा ऑनरेरी डॉक्टरेट से सम्मानित किया गया।
सलमान खान करेंगे होस्ट
‘बिग बॉस 20’ के सितंबर 2026 में ऑन एयर होने की उम्मीद है। शो को एक बार फिर सलमान खान होस्ट करेंगे, जो बतौर होस्ट उनका 17वां साल होगा। फिलहाल प्रतिभागियों की आधिकारिक सूची जारी नहीं हुई है, लेकिन भागीरथ भट्ट का नाम संभावित कंटेस्टेंट्स में लगातार चर्चा में बना हुआ है।












