11 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Sports Desk: भारतीय टीम के आक्रामक ओपनर अभिषेक शर्मा पेट की गंभीर समस्या के चलते दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। वह पिछले दो दिनों से डॉक्टरों की निगरानी में इलाज करा रहे हैं। इस वजह से 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ होने वाले टी20 विश्व कप मुकाबले में उनके खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है।
टीम प्रबंधन के मुताबिक अभिषेक के मेडिकल टेस्ट जारी हैं और अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें बुधवार को अस्पताल से छुट्टी मिल पाएगी या नहीं। बीसीसीआई सूत्रों ने बताया कि फिलहाल मैच के लिए उनकी उपलब्धता को लेकर स्थिति साफ नहीं है।
अगर अभिषेक नामीबिया के खिलाफ नहीं खेल पाते हैं तो उनकी जगह संजू सैमसन को मौका मिल सकता है, जबकि ईशान किशन ओपनिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। खराब तबीयत के कारण अभिषेक टीम के अभ्यास सत्र में भी हिस्सा नहीं ले सके।
हालांकि, टीम मैनेजमेंट और मेडिकल स्टाफ को उम्मीद है कि अभिषेक 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले तक पूरी तरह फिट हो सकते हैं। फिलहाल उनकी सेहत और रिकवरी को प्राथमिकता दी जा रही है।
बताया जा रहा है कि रविवार को मुख्य कोच गौतम गंभीर के घर आयोजित डिनर में शामिल होने के दौरान अभिषेक की तबीयत बिगड़ गई थी। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, वह अमेरिका के खिलाफ पिछले मैच से पहले भी पूरी तरह फिट नहीं थे और मुकाबले के बाद उनकी हालत और खराब हो गई थी।
अभिषेक शर्मा इस समय दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज हैं। भारत के लिए अब तक 39 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 36.03 की औसत और 194.46 के स्ट्राइक रेट से 1297 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और आठ अर्धशतक शामिल हैं। उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना टीम और प्रशंसक दोनों कर रहे हैं।











