T20 World Cup 2026: बीसीसीआई का सख्त फरमान, विश्व कप में खिलाड़ियों के साथ नहीं रहेंगे परिवार

10 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Sports Desk: टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम के प्रदर्शन और फोकस को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपनी सख्त नीति को बरकरार रखा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, टूर्नामेंट के दौरान भारतीय खिलाड़ियों के परिवार और पार्टनर्स को टीम के साथ रहने की अनुमति नहीं दी गई है। टीम मैनेजमेंट की ओर से इस नियम में ढील की मांग की गई थी, लेकिन बोर्ड ने इसे साफ तौर पर खारिज कर दिया।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि खिलाड़ी पूरे टूर्नामेंट के दौरान केवल टीम के साथ ही रहेंगे और यात्रा करेंगे। हालांकि, यदि परिवार के सदस्य चाहें तो वे अलग से अपने ठहरने और यात्रा की व्यवस्था कर सकते हैं, लेकिन वे टीम होटल या टीम मूवमेंट का हिस्सा नहीं होंगे।

ग्रुप स्टेज के तीन मुकाबले भारत में

भारतीय टीम टी20 विश्व कप के ग्रुप स्टेज में तीन मुकाबले घरेलू मैदानों पर खेलेगी, जबकि एक अहम मैच कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ होगा। बीसीसीआई के मौजूदा नियमों के अनुसार, 45 दिनों से अधिक चलने वाले किसी भी दौरे या टूर्नामेंट में परिवार को अधिकतम 14 दिनों तक साथ रहने की अनुमति होती है। वहीं, कम अवधि के टूर में यह सीमा केवल सात दिन तक सीमित रहती है। इसके बावजूद टी20 विश्व कप के लिए बोर्ड ने इस नियम में कोई ढील नहीं दी है।

जनवरी में फिर लागू हुआ था नियम

खिलाड़ियों के साथ परिवारों को न रखने का यह फैसला जनवरी 2025 में दोबारा लागू किया गया था। कोविड-19 महामारी के दौरान इस नियम को अस्थायी रूप से हटाया गया था, लेकिन बाद में इसे फिर से सख्ती के साथ लागू कर दिया गया।

खराब नतीजों के बाद बढ़ी सख्ती

दरअसल, हाल के वर्षों में भारतीय टीम को लगातार अहम सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था। भारत को 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में 0-3 से हार मिली थी, जबकि 2024-25 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1-3 से पिछड़ गई थी। इसके बाद बोर्ड का मानना था कि विदेशी दौरों और बड़े टूर्नामेंट्स में परिवारों की मौजूदगी से खिलाड़ियों का ध्यान भटक सकता है, जिसका असर प्रदर्शन पर पड़ता है।

टीम के साथ यात्रा अनिवार्य

इसके अलावा बीसीसीआई ने यह भी अनिवार्य कर दिया है कि सभी खिलाड़ी हर समय टीम के साथ ही यात्रा करेंगे। किसी भी खिलाड़ी को अलग से यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी।

भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत अमेरिका के खिलाफ जीत के साथ की है। अब टीम गुरुवार को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया से भिड़ेगी, जबकि 15 फरवरी को कोलंबो में भारत-पाकिस्तान का हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा।