Iran-US Talks: तनाव के बीच ओमान जाएंगे ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी अली लारीजानी, मस्कट में अहम बैठकें

10 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

International Desk:  अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव और परमाणु समझौते को लेकर चल रही कूटनीतिक कोशिशों के बीच ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी अली लारीजानी ओमान की यात्रा पर जा रहे हैं। यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब मस्कट में अमेरिका के साथ परमाणु वार्ता का पहला दौर बिना किसी ठोस नतीजे के समाप्त हुआ है, हालांकि दोनों पक्षों ने बातचीत को सकारात्मक बताया है।

ओमान की राजधानी मस्कट में अली लारीजानी ओमान के विदेश मंत्री बदर अल-बुसैदी और सुल्तान हैथम बिन तारिक से मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि इन बैठकों में ईरान-अमेरिका परमाणु वार्ता, क्षेत्रीय सुरक्षा हालात और द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तार से चर्चा होगी।

दरअसल, ओमान लंबे समय से तेहरान और वॉशिंगटन के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत में मध्यस्थ की भूमिका निभाता रहा है। ऐसे में ईरान की संसद के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान में सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी की यह यात्रा काफी अहम मानी जा रही है।

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के अनुसार, लारीजानी क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों के साथ-साथ परमाणु समझौते से जुड़े मसलों पर भी विचार-विमर्श करेंगे। हालांकि यह साफ नहीं किया गया है कि वे ओमान के जरिए अमेरिका के लिए कोई विशेष संदेश लेकर जा रहे हैं या नहीं।

इस बीच, ईरान-अमेरिका तनाव के बीच इस्राइल ने भी तेहरान को कड़ी चेतावनी दी है कि वह अमेरिका की मदद के बिना भी ईरान पर कार्रवाई कर सकता है। वहीं, इस सप्ताह इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात प्रस्तावित है, जिससे हालात और संवेदनशील हो गए हैं।

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह ओमान में हुई परमाणु वार्ता के बाद ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने साफ किया था कि तेहरान यूरेनियम संवर्धन के अधिकार पर कोई समझौता नहीं करेगा। उन्होंने यह भी कहा था कि परमाणु वार्ता के अगले दौर की तारीख और स्थान ओमान के साथ विचार-विमर्श के बाद तय किया जाएगा।