10 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: लोकसभा में सरकार और विपक्ष के बीच जारी गतिरोध के बीच अब महिला सांसदों के स्तर पर भी टकराव खुलकर सामने आ गया है। विपक्ष की महिला सांसदों द्वारा लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखे जाने के जवाब में भाजपा की महिला सांसदों ने भी मोर्चा खोल दिया है और स्पीकर से विपक्षी सांसदों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
दरअसल, सोमवार को विपक्ष की महिला सांसदों ने लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखकर विपक्षी सांसदों के निलंबन पर नाराजगी जाहिर की थी। इसके बाद भाजपा की महिला सांसदों ने एक पत्र के जरिए लोकतांत्रिक संस्थाओं को बदनाम करने वाले सांसदों पर सख्त कदम उठाने की अपील की है।
भाजपा महिला सांसदों ने अपने पत्र में लिखा कि 4 फरवरी 2026 को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान स्पीकर ने सदन की गरिमा, मर्यादा और पवित्रता बनाए रखी, जिसके लिए वे उनके प्रति आभार व्यक्त करती हैं। पत्र में कहा गया कि उस दिन पूरे देश ने संसद में एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और खेदजनक दृश्य देखा, जब विपक्षी सांसद सदन के वेल में पहुंचे और स्पीकर की मेज पर चढ़कर उनकी ओर कागज फेंके।
पत्र में आगे आरोप लगाया गया कि कुछ महिला सांसदों ने भी सदन के भीतर आक्रामक व्यवहार किया, प्रधानमंत्री की सीट को घेरा और सत्ता पक्ष की ओर बढ़ीं। भाजपा सांसदों ने इसे संसदीय मर्यादा के खिलाफ बताते हुए कहा कि ऐसे कृत्य लोकतांत्रिक संस्थानों को कलंकित करते हैं।
भाजपा की महिला सांसदों ने स्पीकर से अपील की है कि सदन के भीतर इस तरह के जघन्य आचरण के लिए जिम्मेदार विपक्षी सांसदों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि संसद की गरिमा बनी रहे।













