कानपुर के प्राइवेट बैंक में हंगामा: महिला कर्मचारी का आपा खोना पड़ा भारी, ग्राहक से झड़प

09 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Chandigarh Desk:  उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक प्राइवेट बैंक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बैंक की एक महिला कर्मचारी ग्राहक से तीखी बहस और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करती नजर आ रही है। वायरल वीडियो में महिला कर्मचारी कथित तौर पर जातिसूचक रौब दिखाते हुए धमकी भरे लहजे में बोलती सुनाई देती है, जिससे बैंक परिसर में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार यह मामला पनकी थाना क्षेत्र स्थित एक प्राइवेट बैंक शाखा का बताया जा रहा है। वीडियो में दिख रही महिला कर्मचारी का नाम आस्था सिंह बताया जा रहा है। विवाद के दौरान बैंक में मौजूद अन्य कर्मचारी उन्हें शांत कराने की कोशिश करते दिखते हैं, लेकिन महिला कर्मचारी का गुस्सा कम नहीं होता।

लैपटॉप उठाकर धमकी देने का आरोप

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला कर्मचारी ने गुस्से में दो बार लैपटॉप उठाया और ग्राहक को फेंककर मारने की धमकी दी। इस दौरान अन्य महिला कर्मचारी लगातार उनसे शांत रहने की अपील करती रहीं और स्थिति को संभालने का प्रयास करती दिखीं।

कथित तौर पर अभद्र और धमकी भरी भाषा

वीडियो में महिला कर्मचारी को ग्राहक के साथ तीखी नोकझोंक करते हुए सुना जा सकता है। बातचीत के दौरान वह बेहद आक्रामक लहजे में बोलती नजर आती हैं, जिससे बैंक का माहौल तनावपूर्ण हो जाता है। सामने से किसी के “इट्स ओवर” कहने के बावजूद विवाद थमता नहीं दिखता।

विवाद की वजह साफ नहीं

बताया जा रहा है कि किसी बैंकिंग काम को लेकर पहले ग्राहक और महिला कर्मचारी के बीच बहस हुई, जो बाद में बढ़ती चली गई। हालांकि विवाद की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। इसी दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

बैंक प्रबंधन और पुलिस की चुप्पी

फिलहाल इस मामले में बैंक प्रबंधन या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वायरल वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर लोग बैंक कर्मचारियों के व्यवहार और ग्राहक सेवा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।