Home Himachal Himachal Weather: पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम, ऊंचे इलाकों में बर्फबारी; बारिश...

Himachal Weather: पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम, ऊंचे इलाकों में बर्फबारी; बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट

09 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Himachal Desk: हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से सोमवार से प्रदेश के मौसम में बदलाव के आसार बन गए हैं। मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले व मध्य पर्वतीय इलाकों में बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 9 फरवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर 9 और 10 फरवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में देखने को मिलेगा। विभाग ने बताया कि 10 फरवरी को इसका प्रभाव सबसे ज्यादा रहेगा। इसे लेकर कुछ स्थानों पर अंधड़, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

ऊंचे इलाकों में बर्फ, निचले क्षेत्रों में बारिश

पश्चिमी विक्षोभ के असर से लाहौल-स्पीति, किन्नौर और अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि निचले और मध्य पर्वतीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 11 फरवरी से मौसम में सुधार होगा और 11 से 14 फरवरी तक शुष्क मौसम बना रहेगा।

तापमान में गिरावट के आसार

रविवार को प्रदेश भर में मौसम साफ रहा और धूप खिलने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। ऊना में अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस, जबकि शिमला में 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि ऊंचे और जनजातीय इलाकों में ठंड का असर अब भी बना हुआ है।

लाहौल-स्पीति और किन्नौर के कई क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 13.4 और ताबो में माइनस 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। अन्य इलाकों में भी रात के तापमान में गिरावट देखी गई।

मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो दिनों में बादल छाने और बारिश-बर्फबारी के कारण तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड बढ़ेगी। हालांकि 11 फरवरी के बाद मौसम साफ होने पर दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी की संभावना है।