09 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: बिहार के मोतिहारी जिले के रक्सौल में भारत–नेपाल सीमा के पास आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महायज्ञ के दौरान रविवार को अफरा-तफरी मच गई। प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य अनिरुद्धाचार्य जी महाराज के सत्संग में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से आयोजन स्थल पर भीड़ बेकाबू हो गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
रक्सौल हवाई अड्डा परिसर में जैसे ही आचार्य अनिरुद्धाचार्य मंच पर पहुंचे, श्रद्धालुओं का सैलाब पंडाल की ओर उमड़ पड़ा। आयोजन समिति की ओर से भीड़ प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण मुख्य प्रवेश द्वार पर अत्यधिक दबाव बन गया। इसी दौरान रेलिंग टूट गई, जिससे हालात और बिगड़ गए और कुछ समय के लिए कथा का आयोजन रोकना पड़ा।
अव्यवस्था के बीच कई श्रद्धालुओं को चोटें आईं। दबाव के कारण दो महिलाएं बेहोश हो गईं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। भगदड़ जैसी स्थिति में कई छोटे बच्चे अपने परिजनों से बिछड़ गए। आयोजन स्थल पर हेल्प डेस्क या लॉस्ट एंड फाउंड जैसी व्यवस्था नहीं होने से परिजन बच्चों की तलाश में भटकते नजर आए, जिससे नाराजगी भी देखने को मिली।
श्रद्धालुओं ने वीआईपी व्यवस्था को लेकर भी रोष जताया। लोगों का कहना था कि अधिक चंदा देने वालों को प्राथमिकता दी गई, जबकि आम श्रद्धालुओं को धक्कों का सामना करना पड़ा, जिससे अव्यवस्था और बढ़ गई।
स्थिति बिगड़ने पर मौके पर तैनात पुलिस ने हस्तक्षेप किया और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद ने लाठीचार्ज की बात से इनकार करते हुए कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक कदम उठाए गए।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आयोजन समिति को कड़ी फटकार लगाई है। अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार ने व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए हैं, ताकि आगे कोई बड़ा हादसा न हो। आयोजन समिति की ओर से इस घटना पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।













