PAK vs NED T20 WC: पाकिस्तान की लड़खड़ाती जीत, नीदरलैंड को हराने में छूटे पसीने

07 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Sports Desk:  पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज जीत के साथ तो किया, लेकिन यह जीत बिल्कुल भी आसान नहीं रही। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में पाकिस्तान ने नीदरलैंड को 3 विकेट से हराया। नीदरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 147 रन बनाए थे, जिसे हासिल करने में पाकिस्तानी टीम को आखिरी ओवर तक संघर्ष करना पड़ा।

नीदरलैंड की तेज शुरुआत, लेकिन बीच में लड़खड़ाहट

ग्रुप-ए के इस मुकाबले में नीदरलैंड के ओपनर माइकल लेविट ने शाहीन अफरीदी पर चौकों-छक्कों की बरसात करते हुए तेज शुरुआत दिलाई। हालांकि पाकिस्तान ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाकर डच टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया।
16वें से 17वें ओवर के बीच नीदरलैंड को बड़ा झटका लगा, जब कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स समेत तीन विकेट गिर गए और टीम सिर्फ 147 रन पर सिमट गई।

पाकिस्तान की ओर से सलमान मिर्जा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि साइम अयूब, मोहम्मद नवाज और अबरार अहमद को 2-2 सफलताएं मिलीं।

रन चेज में पाकिस्तान का पतझड़

147 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान को साइम अयूब और साहिबजादा फरहान ने तेज शुरुआत दिलाई। अयूब ने सिर्फ 13 गेंदों में 24 रन ठोक दिए। 11 ओवर में पाकिस्तान का स्कोर 98/2 था और जीत आसान दिख रही थी।

लेकिन इसके बाद मैच ने अचानक करवट ली। पाकिस्तान ने महज 2 रन पर 3 विकेट गंवा दिए। कप्तान बाबर आजम की धीमी बल्लेबाजी भी दबाव बढ़ाने का कारण बनी। 114 रन तक पहुंचते-पहुंचते पाकिस्तान के 7 विकेट गिर चुके थे और आखिरी 2 ओवर में 29 रन की जरूरत थी।

फहीम अशरफ बने हीरो

19वें ओवर में फहीम अशरफ ने मैच का रुख पूरी तरह पलट दिया। उन्होंने उस ओवर में 3 छक्के और 1 चौका लगाकर 24 रन बटोर लिए। इस दौरान नीदरलैंड की ओर से मैक्स ओ’डाउड ने फहीम का कैच भी छोड़ दिया, जो मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।

आखिरी ओवर में पाकिस्तान को 5 रन चाहिए थे, जिसे फहीम ने तीसरी गेंद पर चौका जड़कर पूरा कर दिया और टीम को रोमांचक जीत दिलाई।

जीत के साथ शुरुआत, लेकिन चिंता भी

पाकिस्तान ने भले ही जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत की हो, लेकिन बल्लेबाजी में मध्यक्रम की कमजोरी और दबाव में प्रदर्शन टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता का विषय रहेगा।