‘एनिमल पार्क’ पर बड़ा अपडेट: 2027 के मिड से शुरू होगी शूटिंग, रणबीर कपूर बोले– डबल रोल निभाना रोमांचक

05 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Bollywood Desk:  रणबीर कपूर की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘एनिमल’ के सीक्वल ‘एनिमल पार्क’ को लेकर फैंस का इंतजार अब और लंबा होने वाला है। निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा ने पुष्टि की है कि फिल्म की शूटिंग 2027 के मध्य से शुरू होगी।

जापान में ‘एनिमल’ की स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान संदीप रेड्डी वांगा ने बताया कि उनकी मौजूदा फिल्म ‘स्पिरिट’ (प्रभास और तृप्ति डिमरी स्टारर) पूरी होने के बाद ही वे ‘एनिमल पार्क’ पर काम शुरू करेंगे। उन्होंने खुलासा किया कि इस बार कहानी दो जुड़वां भाइयों के इर्द-गिर्द घूमेगी, जो दिखने में एक जैसे होंगे। इसी वजह से फिल्म का टाइटल ‘एनिमल पार्क’ रखा गया है।

रणबीर कपूर ने भी सीक्वल को लेकर उत्साह जाहिर किया। उन्होंने कहा कि संदीप के साथ दोबारा काम करना और एक नए किरदार के साथ कहानी को आगे बढ़ाना उनके लिए बेहद रोमांचक है। रणबीर के मुताबिक, पहले पार्ट की शूटिंग के दौरान ही दूसरे भाग की कहानी निर्देशक के दिमाग में साफ थी, जिससे एक अभिनेता के तौर पर उन्हें काफी प्रेरणा मिलती है।

गौरतलब है कि साल 2023 में रिलीज हुई ‘एनिमल’ ने दुनियाभर में 900 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। हालांकि फिल्म को इसकी हिंसा को लेकर आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा था।

वर्कफ्रंट की बात करें तो रणबीर कपूर इन दिनों संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’ और नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म ‘रामायण: पार्ट वन’ में व्यस्त हैं, जो इसी साल दिवाली पर रिलीज होगी।