संसद में तेजस्वी सूर्या का कांग्रेस पर तीखा हमला, चीन का मुद्दा उठाते ही राहुल गांधी से हुई तीखी बहस

02 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Politics Desk:  संसद के बजट सत्र के चौथे दिन लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या के भाषण से सदन में राजनीतिक तापमान बढ़ गया। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल द्वारा पेश किए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए तेजस्वी सूर्या ने मोदी सरकार की नीतियों और उपलब्धियों का जोरदार बचाव किया, वहीं कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखे प्रहार किए।

तेजस्वी सूर्या ने कहा कि यूपीए शासनकाल में देश आतंकवाद, नक्सलवाद और भ्रष्टाचार से जूझता रहा, जबकि 2014 के बाद नरेंद्र मोदी सरकार ने इन चुनौतियों से निपटने के लिए सख्त और निर्णायक कदम उठाए। उन्होंने दावा किया कि एक समय 100 से अधिक जिलों में सक्रिय नक्सलवाद अब सिमटकर कुछ ही इलाकों तक रह गया है। साथ ही, आतंकवाद के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक और अन्य सैन्य कार्रवाइयों का हवाला देते हुए उन्होंने मौजूदा सरकार की नीति को प्रभावी बताया।

अपने भाषण में सूर्या ने कांग्रेस पर “पॉलिसी पैरालिसिस” और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने 2009 से 2013 के राष्ट्रपति अभिभाषणों का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में भ्रष्टाचार का जिक्र करना मजबूरी थी, जबकि आज सरकार के कामकाज में इसकी आवश्यकता ही नहीं पड़ती। उन्होंने यह भी कहा कि बीते 12 वर्षों में मोदी सरकार ने 24 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है और वैश्विक मंदी के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत स्थिति में है।

राहुल गांधी पर तंज कसते हुए तेजस्वी सूर्या ने कहा कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन अब तक 95 चुनाव हार चुके हैं। इस बयान के बाद राहुल गांधी ने हस्तक्षेप करते हुए चीन से जुड़े मुद्दे को उठाया, जिससे सदन में जोरदार हंगामा हो गया और सत्ता पक्ष व विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।

तेजस्वी सूर्या के इन बयानों ने लोकसभा में सियासी बहस को और तेज कर दिया, जहां एक ओर बीजेपी ने सरकार की उपलब्धियों को गिनाया, वहीं विपक्ष ने विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर जवाब की मांग की।