अजित पवार चाहते थे NCP के दोनों गुटों का जल्द विलय, निधन के बाद करीबी सहयोगी का बड़ा दावा

30 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk: महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता रहे दिवंगत अजित पवार को लेकर एक बड़ा खुलासा सामने आया है। उनके करीबी सहयोगी किरण गुजर ने दावा किया है कि अजित पवार एनसीपी के दोनों गुटों के विलय के लिए पूरी तरह तैयार थे और यह प्रक्रिया जल्द पूरी होने वाली थी।

किरण गुजर के अनुसार, अजित पवार ने विमान हादसे से महज पांच दिन पहले उन्हें बताया था कि दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत अंतिम चरण में है और अगले कुछ दिनों में इसकी औपचारिक घोषणा हो सकती है। उन्होंने कहा कि अजित पवार न सिर्फ विलय के इच्छुक थे, बल्कि एकजुट एनसीपी के भविष्य के लिए उन्होंने एक स्पष्ट रोडमैप भी तैयार कर रखा था।

गौरतलब है कि हाल ही में पुणे और पिंपरी चिंचवड़ नगर निगम चुनावों में एनसीपी के दोनों गुटों ने गठबंधन में चुनाव लड़ा था। इसके बाद जिला परिषद चुनावों के लिए भी गठबंधन जारी रखने का फैसला किया गया था। इसी पृष्ठभूमि में विलय की संभावनाएं और मजबूत हो गई थीं।

किरण गुजर ने यह भी बताया कि इस मुद्दे पर शरद पवार, सुप्रिया सुले और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ सकारात्मक बातचीत चल रही थी और संकेत मिल रहे थे कि वरिष्ठ पवार इस कदम का समर्थन कर सकते हैं।

उन्होंने कहा, “अजित दादा के निधन के बाद यह और भी जरूरी हो गया है कि दोनों गुट एक साथ आएं और बारामती तथा महाराष्ट्र के विकास के लिए मिलकर काम करें। अजित दादा जैसा नेता दोबारा मिलना मुश्किल है।”

अजित पवार का 28 जनवरी को एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार बारामती में राजकीय सम्मान के साथ किया गया। उनके जाने के बाद अब उनकी राजनीतिक विरासत और एनसीपी के भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।