29 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Sports Desk: भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथे टी20 मुकाबले में ईशान किशन का प्लेइंग इलेवन से बाहर रहना चर्चा का विषय बन गया है। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के दौरान बताया था कि ईशान किशन को चोट लगी है, इसी वजह से उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया। लेकिन मैच के दौरान सामने आए एक वीडियो ने इस दावे पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विशाखापट्टनम में खेले गए इस मुकाबले में ईशान किशन को बाहर कर अर्शदीप सिंह को टीम में शामिल किया गया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा था कि गुवाहाटी में खेले गए तीसरे टी20 के दौरान फील्डिंग करते वक्त ईशान को चोट लगी थी। हालांकि, मैच के दौरान ईशान किशन को मैदान पर दौड़ते हुए और बल्लेबाजों को ड्रिंक्स पिलाते हुए देखा गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई।
वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद
मैच के दौरान ईशान किशन का फुर्ती से दौड़ते हुए मैदान में आना कैमरे में कैद हो गया। वीडियो वायरल होते ही फैंस सवाल पूछने लगे कि अगर खिलाड़ी को सच में चोट है, तो वह इतनी आसानी से मैदान पर कैसे दौड़ सकता है। इसी के साथ कप्तान के बयान पर भी संदेह जताया जाने लगा।
आकाश चोपड़ा ने जताई हैरानी
पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने लाइव कमेंट्री के दौरान इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जिस तरह से ईशान किशन मैदान पर दौड़ रहे हैं, उसे देखकर ऐसा नहीं लगता कि उन्हें कोई गंभीर चोट है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि संभव है ईशान को किसी तरह की हल्की परेशानी या जूतों से जुड़ी समस्या रही हो। आकाश चोपड़ा के मुताबिक, मौजूदा हालात को देखकर उम्मीद की जा सकती है कि ईशान अगले मुकाबले में वापसी कर सकते हैं।
फैंस के मन में सवाल
ईशान किशन के वीडियो के सामने आने के बाद फैंस के बीच यह सवाल गहराता जा रहा है कि क्या उन्हें वाकई चोट लगी थी या टीम मैनेजमेंट ने प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने की कोई और वजह छुपाई। अब सबकी नजरें टीम इंडिया के अगले मुकाबले और ईशान की संभावित वापसी पर टिकी हैं।











