28 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Sports Desk: आईसीसी की ताजा पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजी रैंकिंग में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शानदार प्रदर्शन के दम पर पांच स्थान की छलांग लगाते हुए सातवां स्थान हासिल किया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही घरेलू टी20 सीरीज में सूर्यकुमार ने 32, नाबाद 82 और नाबाद 57 रन की पारियां खेलकर अपनी रैंकिंग मजबूत की। इस सीरीज में भारत ने अब तक खेले गए तीनों मुकाबले जीते हैं।
टी20 विश्व कप से पहले सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बल्लेबाजों की रैंकिंग में पहले स्थान पर कायम हैं, जबकि तिलक वर्मा तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। चोट के कारण तिलक इस सीरीज में हिस्सा नहीं ले सके। रायपुर टी20 में शानदार अर्धशतक लगाने वाले ईशान किशन ने रैंकिंग में दोबारा एंट्री करते हुए 64वां स्थान पाया। वहीं शिवम दुबे नौ पायदान की छलांग लगाकर 58वें और रिंकू सिंह 13 स्थान ऊपर चढ़कर 68वें नंबर पर पहुंच गए।
गेंदबाजों की रैंकिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों को फायदा हुआ है। जसप्रीत बुमराह 13वें और रवि बिश्नोई 19वें स्थान पर पहुंच गए हैं। ऑलराउंडरों की सूची में हार्दिक पंड्या एक स्थान ऊपर चढ़कर तीसरे नंबर पर आ गए हैं।











