28 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
International Desk: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को लगभग चार साल पूरे होने वाले हैं और इस संघर्ष की भयावह तस्वीर अब एक ताजा रिपोर्ट में सामने आई है। अमेरिका के प्रतिष्ठित थिंक टैंक सेंटर फॉर स्ट्रेटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज (CSIS) की रिपोर्ट के अनुसार, फरवरी 2022 से अब तक दोनों देशों के कुल मिलाकर करीब 20 लाख सैनिक हताहत हो चुके हैं। इन हताहतों में मारे गए, घायल हुए और लापता सैनिक शामिल हैं।
रिपोर्ट में बताया गया है कि इस युद्ध में रूस को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा है। अनुमान के मुताबिक, रूस के करीब 12 लाख सैनिक हताहत हुए हैं, जिनमें लगभग 3.25 लाख सैनिकों की मौत हो चुकी है। CSIS ने इसे दूसरे विश्व युद्ध के बाद किसी भी बड़ी सैन्य शक्ति को हुआ सबसे बड़ा नुकसान बताया है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इतने भारी नुकसान के बावजूद रूस की सैन्य प्रगति बेहद धीमी रही है।
वहीं, यूक्रेन को भी भारी कीमत चुकानी पड़ी है। फरवरी 2022 से दिसंबर 2025 के बीच यूक्रेन के करीब 5 से 6 लाख सैनिक हताहत हुए हैं, जिनमें एक लाख से 1.4 लाख तक की मौतें शामिल हैं। CSIS का अनुमान है कि 2026 की वसंत ऋतु तक दोनों देशों के कुल हताहतों की संख्या 20 लाख का आंकड़ा पार कर सकती है।











