स्कूलों को बम की धमकी पर चंडीगढ़ SSP का बयान: घबराने की जरूरत नहीं, हालात पूरी तरह नियंत्रण में

28 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Chandigarh Desk:  चंडीगढ़ में बुधवार को 25 से अधिक स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस, बम स्क्वायड, डॉग स्क्वायड और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और एहतियातन स्कूलों को खाली कराकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। अब तक की जांच में किसी भी स्कूल से कोई बम या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

इस पूरे मामले पर चंडीगढ़ की SSP कंवरदीप कौर ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि सुबह करीब 8 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में सबसे पहले चार स्कूलों से धमकी की सूचना मिली थी। इसके बाद यह संख्या बढ़ती गई और दोपहर 12 बजे तक कुल 26 स्कूलों को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिलने की पुष्टि हुई।

SSP ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक 10 स्कूलों में सर्च ऑपरेशन पूरा कर लिया गया है और वहां सब कुछ सुरक्षित पाया गया है। शेष 16 स्कूलों में बम स्क्वायड और पुलिस की टीमें सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में सेक्टर-17 थाने में FIR दर्ज कर ली गई है और धमकी भेजने वाली ईमेल आईडी की जांच साइबर टीम कर रही है।

SSP कंवरदीप कौर ने साफ शब्दों में कहा कि लोगों और अभिभावकों को घबराने की जरूरत नहीं है। पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हैं और हर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों को धमकी नहीं मिली है, वे सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं। प्रशासन की ओर से किसी भी स्कूल में छुट्टी का आदेश नहीं दिया गया है।

इधर, चंडीगढ़ प्रशासन ने भी स्कूलों के लिए एडवाइजरी जारी की है, जिसमें स्कूल प्रबंधन से शांति बनाए रखने और बिना पुष्टि के छुट्टी न करने की अपील की गई है। प्रशासन ने कहा है कि किसी भी धमकी की सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए और केवल आधिकारिक अपडेट पर ही भरोसा किया जाए।