चंडीगढ़ में बम धमकी से मचा हड़कंप, सुबह 5:21 बजे ईमेल आते ही स्कूल खाली, सर्च ऑपरेशन शुरू

चंडीगढ़, 28 जनवरी 2026 Fact Recorder

Chandigarh Desk : चंडीगढ़ में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कई सरकारी और निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले। सुबह करीब साढ़े पांच बजे मिले इन ईमेल्स के बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सभी प्रभावित स्कूलों को खाली करवा दिया गया और बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस, बम डिटेक्शन टीम और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसरों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। एहतियातन किसी भी तरह का जोखिम न लेते हुए सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई।

धमकी भरे मेल में पीएम के दौरे का जिक्र

धमकी भरे ईमेल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक फरवरी को डेरा बल्लां प्रस्तावित दौरे का भी उल्लेख किया गया है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गई हैं। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई है।

इन स्कूलों को मिली धमकी

धमकी मिलने वाले स्कूलों में सेक्टर 16, 19, 22 और 47 के सरकारी स्कूल, सेक्टर 49 का रयान इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर 45 का सेंट स्टीफन स्कूल, सेक्टर 27 का भवन विद्यालय, आशियाना सेक्टर 46, टेंडर हार्ट सेक्टर 33, एसडी स्कूल सेक्टर 32, सेंट जेवियर सेक्टर 44, विवेक स्कूल सेक्टर 38 और सेक्टर 7 का केबी डीएवी स्कूल शामिल हैं। इसके अलावा रिहान इंटरनेशनल स्कूल को भी खाली करवाया गया है।

लगातार आ रही कॉल से पुलिस अलर्ट

पुलिस के अनुसार, धमकी भरा पहला ईमेल सुबह 5 बजकर 21 मिनट पर प्राप्त हुआ। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम में लगातार स्कूलों से कॉल आने लगीं। अब तक करीब 15 स्कूलों की ओर से धमकी मिलने की सूचना सामने आ चुकी है। हालात यह रहे कि पुलिस को लगभग हर मिनट कॉल मिल रही है।

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

गौरतलब है कि चंडीगढ़ में इससे पहले भी कई बार बम धमकियां मिल चुकी हैं। हाईकोर्ट और जिला अदालत को दो-दो बार, होटल ललित, होटल हयात और सेक्टर 10 स्थित म्यूजियम को भी पहले धमकी दी जा चुकी है। हालांकि, अब तक किसी भी मामले में पुलिस धमकी देने वाले को ट्रेस नहीं कर पाई है।

फिलहाल सभी स्कूल परिसरों में तलाशी अभियान जारी है और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।