उत्तर भारत में फिर बदला मौसम: चंडीगढ़ में बारिश, हरियाणा–पंजाब के कई इलाकों में ओलावृष्टि, ठंड बढ़ने के आसार

27 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Chandigarh Desk:  ठंड के बीच उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। मंगलवार सुबह से दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में मौसम बिगड़ गया, जहां कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश दर्ज की गई। कई इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। पंजाब के पटियाला सहित कई क्षेत्रों में ओले गिरने की खबर है, जबकि हरियाणा के रोहतक, महम, बरवाला, अग्रोहा, भुना, फतेहाबाद, नहला, दहमन, सोनीपत और बहालगढ़ जैसे इलाकों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि देखी गई। कुछ जगहों पर ओले सफेद चादर की तरह जमीन पर बिछे नजर आए।

मौसम विभाग ने 27 जनवरी के लिए पहले ही खराब मौसम का अलर्ट जारी किया था। विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में पूरे दिन बादल छाए रहने, बिजली कड़कने और हल्की से तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। चार दिनों के भीतर यह दूसरी बार है जब मौसम बिगड़ा है। इससे पहले 23 जनवरी को भी तेज हवाओं के साथ इन क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई थी।

मैदानी इलाकों में जहां बारिश हो रही है, वहीं पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का दौर जारी है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू-मनाली, शिमला, धर्मशाला और रोहतांग, जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, गुलमर्ग, पहलगाम, अनंतनाग और कटरा में भारी बर्फबारी देखने को मिल रही है। उत्तराखंड के नैनीताल, उत्तरकाशी और टिहरी के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फ जम गई है। बर्फबारी के कारण कई सड़कें बंद हो गई हैं और श्रीनगर एयरपोर्ट से आने-जाने वाली कई उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि बारिश और पहाड़ों में बर्फबारी के चलते ठंड अभी और बढ़ेगी। जिन लोगों को लग रहा था कि अब ठंड से राहत मिलेगी, उन्हें फिलहाल इंतजार करना होगा। बारिश के बाद ठंडी हवाएं और कोहरा परेशानी बढ़ा सकते हैं। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।