परिवारवाद और भ्रष्टाचार पर जमात का हमला: बांग्लादेश चुनाव में BNP को टक्कर देने के लिए ‘सिटिजन-फर्स्ट’ एजेंडा

27 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

International Desk:  बांग्लादेश में 12 फरवरी को होने वाले आम चुनाव से पहले सियासी माहौल तेज हो गया है। बीएनपी प्रमुख तारिक रहमान की वापसी के बाद जमात-ए-इस्लामी ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के अमीर शफीकुर रहमान देशभर में सभाएं कर परिवारवाद, भ्रष्टाचार और नागरिक-केंद्रित शासन जैसे मुद्दों को जोर-शोर से उठा रहे हैं, ताकि मतदाताओं को अपने पक्ष में किया जा सके।

इसी क्रम में जमात-ए-इस्लामी ने हाल ही में ‘एस्पायरिंग बांग्लादेश’ पॉलिसी समिट 2026 का आयोजन किया, जहां पार्टी ने अपने राजनीतिक, आर्थिक और गवर्नेंस से जुड़े एजेंडे को आधिकारिक रूप से पेश किया। इस हाई-प्रोफाइल समिट में कूटनीतिज्ञों, शिक्षाविदों, सिविल सोसाइटी, कारोबारी जगत और मीडिया के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। पार्टी ने इसे करप्शन-फ्री और सिटिजन-फर्स्ट बांग्लादेश के रोडमैप के तौर पर पेश किया।

शफीकुर रहमान ने परिवारवाद पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि जमात सत्ता में आई तो देश में परिवार आधारित राजनीति का अंत होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य सत्ता नहीं, बल्कि देश के 18 करोड़ नागरिकों की जीत है। साथ ही उन्होंने रेफरेंडम के पक्ष में बात रखते हुए इसे आजादी और गुलामी के बीच चुनाव करार दिया।

बीएनपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और चुनावी आचार संहिता के उल्लंघन का मुद्दा भी उठाया। जमात नेता ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं को रोका जाना लोकतंत्र के खिलाफ है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

शासन व्यवस्था पर बोलते हुए शफीकुर रहमान ने कहा कि 1971 में राजनीतिक संप्रभुता तो मिली, लेकिन सामाजिक न्याय, आर्थिक आजादी और जवाबदेह शासन के वादे अब तक पूरे नहीं हुए। उन्होंने पिछले 17 वर्षों को संस्थागत गिरावट और लोकतांत्रिक स्पेस के सिमटने का दौर बताया, साथ ही 2024 के छात्र आंदोलनों को नागरिक अधिकारों की नई चेतना करार दिया।

आर्थिक मोर्चे पर जमात ने केवल विकास नहीं, बल्कि आर्थिक सुरक्षा को चुनावी मुद्दा बनाया है। पार्टी का कहना है कि विकास के बावजूद बेरोजगारी, महंगाई और असुरक्षित रोजगार बड़ी समस्याएं बनी हुई हैं। उनका तर्क है कि आर्थिक सफलता का पैमाना यह होना चाहिए कि नागरिक सम्मान के साथ जीवन जी सकें और भविष्य की योजना बना सकें।

भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का वादा करते हुए जमात ने पारदर्शी और जवाबदेह शासन की बात कही। शफीकुर रहमान ने पार्टी के पूर्व मंत्रियों के कार्यकाल का हवाला देते हुए ईमानदार नेतृत्व को प्रभावी शासन की बुनियाद बताया। साथ ही उन्होंने 2024 के छात्र आंदोलनों में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी कुर्बानी एक न्यायपूर्ण और समृद्ध बांग्लादेश की नींव बनेगी।