देवरा 2’ को लेकर बड़ी राहत, जूनियर एनटीआर की फिल्म कैंसल नहीं हुई, 2027 में मचाएगी बॉक्स ऑफिस पर धमाल

27 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Bollywood Desk: जूनियर एनटीआर के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से जिस फिल्म को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं, अब उस पर पूरी तरह से विराम लग गया है। सुपरहिट फिल्म ‘देवरा’ का सीक्वल यानी ‘देवरा 2’ न सिर्फ बन रही है, बल्कि इसकी रिलीज को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आ चुका है। मेकर्स ने साफ कर दिया है कि यह प्रोजेक्ट रद्द नहीं हुआ है और फिल्म साल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

साल 2024 में रिलीज हुई जूनियर एनटीआर और जान्हवी कपूर स्टारर ‘देवरा’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। फिल्म के आखिर में इसके दूसरे पार्ट का संकेत भी दिया गया था, जिसके बाद से फैंस बेसब्री से ‘देवरा 2’ का इंतजार कर रहे थे। हालांकि हाल के दिनों में यह खबरें सामने आई थीं कि सीक्वल को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है, लेकिन अब इन सभी अफवाहों को गलत साबित कर दिया गया है।

फिल्म के निर्देशक शिवा कोरताला पहले से ही ‘देवरा 2’ की प्लानिंग कर चुके थे। अब युवसुधा आर्ट्स के निर्माता सुधाकर मिक्किलिनेनी ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि फिल्म की शूटिंग मई 2026 से शुरू होगी और इसे 2027 में रिलीज किया जाएगा। इस ऐलान के बाद जूनियर एनटीआर के फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

‘देवरा 2’ के साथ-साथ जूनियर एनटीआर के पास आने वाले समय में कई बड़े प्रोजेक्ट्स भी हैं। इनमें एनटीआर-नील प्रोजेक्ट, त्रिविक्रम के साथ एक पौराणिक फिल्म और नेल्सन दिलीपकुमार के साथ एक और फिल्म शामिल है। यानी आने वाले सालों में एनटीआर लगातार बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं।

बॉक्स ऑफिस की बात करें तो ‘देवरा’ पार्ट 1 ने रिलीज के पहले दिन करीब 82.5 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी। पहले हफ्ते में फिल्म ने दुनियाभर में 300 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया, जबकि कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 428 करोड़ रुपये रहा। ऐसे में अब फैंस को पूरी उम्मीद है कि ‘देवरा 2’ भी बॉक्स ऑफिस पर तूफान लेकर आएगी।