“अपने ही लोगों के खिलाफ खड़ा किया जा रहा है…” रोहित-कोहली विवाद की अफवाहों पर गौतम गंभीर का बड़ा संकेत

22 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Sports Desk:  नागपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में भारत की शानदार जीत के बाद भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर का एक ट्वीट चर्चा का विषय बन गया है। इस ट्वीट को फैंस रोहित शर्मा और विराट कोहली से जुड़ी अनबन की अफवाहों से जोड़कर देख रहे हैं।

दरअसल, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने नागपुर में मुलाकात के बाद गौतम गंभीर की तारीफ करते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की थी। इसके जवाब में गंभीर ने लिखा कि जब हालात शांत होंगे, तब यह साफ हो जाएगा कि कोच को असीमित अधिकार मिलने की बात कितनी सही है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इस बात पर हैरानी हो रही है कि उन्हें अपने ही लोगों के खिलाफ खड़ा किया जा रहा है, जबकि वे सभी बेहतरीन खिलाड़ी हैं।

गंभीर का यह बयान ऐसे समय आया है, जब हाल के महीनों में भारतीय क्रिकेट में हुई कई घटनाओं का जिम्मेदार उन्हें ठहराया जा रहा है। खिलाड़ियों के रिटायरमेंट, घरेलू क्रिकेट अनिवार्य करने के नियम और टेस्ट व वनडे में खराब प्रदर्शन—इन सभी मुद्दों पर आलोचना का केंद्र गंभीर बने हुए हैं।

सोशल मीडिया पर यह माहौल बनाया गया कि गंभीर रोहित शर्मा और विराट कोहली को टीम से बाहर करना चाहते हैं। हालांकि, गंभीर पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि 2027 विश्व कप अभी दूर है और किसी भी खिलाड़ी की जगह पक्की नहीं है। यह नियम सभी खिलाड़ियों पर समान रूप से लागू होता है।

ताजा ट्वीट के जरिए गंभीर ने बिना किसी का नाम लिए यह संकेत दिया है कि टीम से जुड़े फैसले अकेले कोच के हाथ में नहीं होते। साथ ही, सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही कहानियां अक्सर हकीकत से दूर होती हैं।