चंडीगढ़ में पुलिस एनकाउंटर, मुठभेड़ में 2 बदमाश घायल, फा/यरिंग कर भागने की कोशिश नाकाम

21 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Chandigarh Desk:  चंडीगढ़ में बुधवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त एनकाउंटर हुआ। सेक्टर-39 के जंगल क्षेत्र के पास हुई इस मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैरों में गो/ली लगी, जबकि एक अन्य आरोपी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार बदमाशों की पहचान राहुल और रिक्की के रूप में हुई है, जबकि तीसरा आरोपी प्रीत (निवासी जीरकपुर) बताया जा रहा है, जो गाड़ी चला रहा था। ये तीनों हाल ही में सेक्टर-32 स्थित एक केमिस्ट शॉप पर फायरिंग कर फरार हो गए थे।

चंडीगढ़ पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि केमिस्ट शॉप फा/यरिंग के आरोपी पंजाब नंबर की टैक्सी में सवार होकर सेक्टर-39 जीरी मंडी के आसपास घूम रहे हैं। बुधवार तड़के जब पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की, तो बदमाशों ने भागने के इरादे से पुलिस पर फा/यरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें कई राउंड    फा/यरिंग के बाद दो बदमाश घायल हो गए।

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पिस्टल, कई कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी बरामद की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये बदमाश धमकी, रंगदारी, लूट और हत्या की साजिश जैसी गंभीर आपराधिक वारदातों में शामिल रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, आरोपी चंडीगढ़ में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे और एक कारोबारी को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। इससे पहले ये जालंधर में एक प्रॉपर्टी डीलर पर फायरिंग और डेराबस्सी में गाड़ी लूटने की कोशिश में भी शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस क्राइम ब्रांच की टीम मामले की गहन जांच कर रही है।