01 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
PM Modi Greets Nation on New Year 2026 National Desk: नए साल 2026 की शुरुआत के साथ ही देशभर में उत्साह और उल्लास का माहौल है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने देशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए आत्मविश्वास से भरे भारत की भावना को व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “सभी को नववर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं। आने वाला वर्ष आपके जीवन में उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि और सफलता लेकर आए। आपके हर प्रयास में उन्नति हो और समाज में शांति व खुशहाली बनी रहे, यही कामना है।”
प्रधानमंत्री के इस संदेश में सकारात्मक सोच, विकास और सामाजिक सौहार्द की झलक देखने को मिली।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संदेश
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी नववर्ष के अवसर पर देश और विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इसे नई ऊर्जा, सकारात्मक परिवर्तन और आत्मचिंतन का समय बताया। एक्स पर साझा संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि नव वर्ष नई शुरुआत का प्रतीक है और यह नए संकल्प लेने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रीय विकास, सामाजिक सद्भाव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का आह्वान किया। राष्ट्रपति ने कामना की कि वर्ष 2026 सभी के लिए शांति, सुख और समृद्धि लेकर आए और एक सशक्त व उज्ज्वल भारत के निर्माण के संकल्प को नई ताकत दे।
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन की शुभकामनाएं
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भी नववर्ष की बधाई देते हुए आशा जताई कि साल 2026 भारत को और मजबूत राष्ट्र बनाने के संकल्प को नई गति देगा। उन्होंने कहा कि आने वाला वर्ष सभी के लिए शांति, उत्तम स्वास्थ्य, खुशहाली और समृद्धि लेकर आए तथा विकसित भारत के निर्माण के सामूहिक प्रयासों को सशक्त करे।
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ का संदेश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए सोशल मीडिया पर संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में ‘नया उत्तर प्रदेश’ विकसित भारत की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदार बनकर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
सीएम योगी ने प्रदेश में चल रही विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे गरीब, किसान, युवा और मातृशक्ति सहित समाज के हर वर्ग के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2026 में डबल इंजन सरकार की नीतियों से उत्तर प्रदेश समृद्धि, सुशासन और सर्वांगीण विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।













