29 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
International Desk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के बीच फ्लोरिडा के मार-ए-लागो में यूक्रेन-रूस युद्ध को लेकर अहम बैठक हुई। बैठक के बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस वार्ता में शांति समझौते को लेकर हुई बातचीत की जानकारी साझा की। दोनों पक्षों ने इस बैठक को सकारात्मक और प्रगति वाला बताया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह एक शानदार बैठक रही, जिसमें कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। ट्रंप ने बताया कि हाल ही में उनकी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से दो घंटे से ज्यादा समय तक फोन पर बातचीत हुई थी। उन्होंने कहा कि शांति समझौते को लेकर सभी पक्ष अब काफी करीब पहुंच चुके हैं और यह संभवतः दूसरे विश्व युद्ध के बाद का सबसे घातक युद्ध खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम हो सकता है।
‘सब कुछ ठीक रहा तो कुछ हफ्तों में डील संभव’
शांति प्रक्रिया में लगने वाले समय को लेकर ट्रंप ने कहा कि अगर हालात अनुकूल रहे तो आने वाले कुछ हफ्तों में समझौता हो सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर परिस्थितियां बिगड़ती हैं तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण होगा। सबसे जटिल मुद्दों पर बात करते हुए ट्रंप ने जमीन से जुड़े विवाद को सबसे बड़ा सवाल बताया।
जेलेंस्की का दावा: शांति योजना पर 90% सहमति
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बैठक के बाद कहा कि शांति प्रक्रिया को लेकर बेहद उपयोगी चर्चा हुई है। उन्होंने बताया कि 20-सूत्रीय शांति योजना पर 90 प्रतिशत सहमति बन चुकी है। इसके अलावा अमेरिका-यूक्रेन सुरक्षा गारंटी पर पूरी सहमति और अमेरिका-यूरोप-यूक्रेन सुरक्षा ढांचे पर भी लगभग सहमति बन गई है।
जेलेंस्की ने कहा कि सैन्य पहलुओं पर 100 प्रतिशत सहमति है और समृद्धि योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि स्थायी शांति के लिए सुरक्षा गारंटी बेहद जरूरी है और इस दिशा में टीमें लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूक्रेन शांति के लिए पूरी तरह तैयार है।
त्रिपक्षीय बैठक के संकेत
रूस, यूक्रेन और अमेरिका के नेताओं की संभावित त्रिपक्षीय बैठक को लेकर ट्रंप ने कहा कि सही समय आने पर यह बैठक जरूर होगी। ट्रंप के मुताबिक राष्ट्रपति पुतिन भी इस बैठक के लिए इच्छुक हैं और उन्होंने इस बारे में स्पष्ट रूप से संकेत दिए हैं।
ट्रंप ने यह भी कहा कि बातचीत के दौरान कई सकारात्मक संकेत सामने आए हैं और उन्हें उम्मीद है कि आने वाले समय में यूक्रेन-रूस युद्ध को खत्म करने की दिशा में ठोस नतीजे देखने को मिलेंगे।













