दिल्ली में पढ़ाई, बिहार में सियासी पहचान- जानिए बीजेपी कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन की शैक्षणिक योग्यता

दिल्ली में पढ़ाई, बिहार में सियासी पहचान- जानिए बीजेपी कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन की शैक्षणिक योग्यता

15 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Education Desk:  बीजेपी ने बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री और पांच बार के विधायक नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति बीजेपी पार्लियामेंट्री बोर्ड द्वारा की गई है। मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा अभी एक्सटेंशन पर हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जनवरी 2026 में नितिन नबीन के औपचारिक रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की प्रक्रिया पूरी हो सकती है, जिसे अप्रैल में होने वाली राष्ट्रीय परिषद की बैठक में समर्थन मिलेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने एक मेहनती कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है और संगठनात्मक अनुभव के साथ विधायक व मंत्री के रूप में उनका रिकॉर्ड प्रभावशाली रहा है।

नितिन नबीन की पढ़ाई-लिखाई
नितिन नबीन की शुरुआती पढ़ाई दिल्ली में हुई। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान दिए गए एफिडेविट के अनुसार, उन्होंने 1996 में 10वीं और 1998 में 12वीं की परीक्षा पास की।

  • 10वीं: सेंट माइकल स्कूल, दिल्ली

  • 12वीं: सीएसकेएम पब्लिक स्कूल, दिल्ली

राजनीतिक सफर
नितिन नबीन वर्तमान में बिहार की बांकीपुर विधानसभा से विधायक हैं। वे बिहार बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके पिता नवीन किशोर सिन्हा भी बीजेपी के वरिष्ठ नेता थे।
उन्होंने 2006 में पटना (पश्चिम) से अपना पहला विधानसभा चुनाव जीता और इसके बाद बांकीपुर से लगातार जीत दर्ज करते आए हैं। फिलहाल वे बिहार सरकार में कानून एवं न्याय, शहरी विकास और आवास विभाग के मंत्री हैं। इससे पहले 2021–22 के दौरान वे सड़क निर्माण मंत्री भी रह चुके हैं।

दिल्ली से शिक्षा लेकर बिहार की राजनीति में मजबूत पकड़ बनाने वाले नितिन नबीन अब बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व में अहम भूमिका निभाने जा रहे हैं।