सिडनी में 6 मिनट का खौफ: हनुक्का समारोह के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग, ऐसे थमा आतंकी हमला

सिडनी में 6 मिनट का खौफ: हनुक्का समारोह के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग, ऐसे थमा आतंकी हमला

15 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

International Desk: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बॉन्डी बीच पर हनुक्का पर्व के दौरान हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में महज 6 मिनट के भीतर अंधाधुंध गोलियां चलीं, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई और 40 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इस हमले में एक आतंकी भी मारा गया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर पुलिस की निगरानी में है।

बताया जा रहा है कि यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर किए गए इस हमले में 100 से ज्यादा गोलियां दागी गईं। अचानक फायरिंग की आवाजों से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

6 मिनट में मच गया कोहराम
ABC न्यूज द्वारा वेरिफाई किए गए वीडियो में हमले के आखिरी 5 मिनट 52 सेकंड की भयावह तस्वीरें सामने आई हैं। इन फुटेज में साफ देखा और सुना जा सकता है कि हमलावर लगातार गोलियां बरसा रहे थे। ऑडियो में कुल 103 गोलियों की आवाज रिकॉर्ड हुई है, जिसमें आतंकियों और पुलिस दोनों की फायरिंग शामिल है।

पाकिस्तान कनेक्शन, बाप-बेटे पर शक
इस आतंकी हमले के पीछे बाप-बेटे की जोड़ी सामने आई है। पिता की पहचान पाकिस्तानी सेना के रिटायर्ड जनरल साजिद अकरम के रूप में हुई है, जबकि बेटे का नाम नवीद अकरम (24) बताया गया है। साजिद अकरम पुलिस एनकाउंटर में मारा गया, जबकि नवीद अकरम गंभीर रूप से घायल हुआ और फिलहाल पुलिस की निगरानी में है।

वीडियो में दिखी पूरी वारदात
वीडियो की शुरुआत में साजिद अकरम को लंबे बैरल वाले हथियार से भागते हुए लोगों पर गोली चलाते देखा जा सकता है। करीब 35 सेकंड बाद वह अपनी फायरिंग पोजिशन छोड़ता है। इसके बाद नवीद अकरम कुछ लोगों को इशारों से वहां से हटने को कहता दिखता है, जिससे संकेत मिलता है कि हमले का मुख्य निशाना हनुक्का समारोह था।

हिम्मत दिखाने वाले शख्स ने छीना हथियार
हमले के दौरान एक शख्स ने पीछे से साजिद अकरम को पकड़कर उससे हथियार छीन लिया और उस पर गन तान दी। इसके बाद साजिद पीछे हटते हुए पुल की ओर गया, जहां उसका बेटा मौजूद था। इसी बीच पुलिस ने चारों ओर से कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हमला खत्म
वीडियो में दिखता है कि साजिद अकरम ने एक और हथियार उठाकर बेटे के साथ फिर से हनुक्का कार्यक्रम की ओर फायरिंग शुरू की, लेकिन तभी पुलिस की गोली उसे लगी और वह ढेर हो गया। पिता के गिरते ही नवीद अकरम ने पुलिस पर जवाबी फायरिंग की, लेकिन उसे भी गोली लगी। वह कुछ देर तक छटपटाता रहा और फिर गिर पड़ा। इसके साथ ही यह खौफनाक हमला खत्म हो गया।

इस आतंकी वारदात के बाद पूरे सिडनी में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और जांच एजेंसियां मामले की हर एंगल से जांच कर रही हैं।