11 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Himachal Desk: नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि पड्डल मैदान से पूरे प्रदेश ने देखा कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने सार्वजनिक मंच पर एक-दूसरे के खिलाफ नाराज़गी जाहिर की। यह मंच आपदा पीड़ितों की सहायता और उनकी संवेदनाओं को साझा करने का था, न कि आपसी कलह दिखाने का।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने आपदा से सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र में उत्सव मनाकर असंवेदनशीलता दिखाई। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार ने तीन साल पूरा होने पर जिस कार्यक्रम को विज़न प्रस्तुति बताया, वह सिर्फ केंद्र सरकार और पिछली भाजपा सरकार पर आरोप लगाने का मंच बनकर रह गया।
उन्होंने कहा कि लगभग दस करोड़ रुपये खर्च कर जो कार्यक्रम किया गया, उसमें जनता ने नेताओं की आपसी लड़ाई देखी। यह पैसा आपदा पीड़ितों पर लगना चाहिए था, न कि राजनीतिक दिखावे पर।
जयराम ठाकुर ने यह भी कहा कि मंच पर न तो पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह मौजूद थीं, न ही उनके बेटे और मंत्री विक्रमादित्य सिंह। यहां तक कि उनके पोस्टर तक नज़र नहीं आए, जिससे साफ होता है कि हॉली लॉज गुट को दरकिनार किया गया है।
उन्होंने रैली पर भी सवाल उठाते हुए दावा किया कि लोग स्वेच्छा से नहीं आए बल्कि कर्मचारियों, स्कूली बच्चों और आईटीआई छात्रों को बसों में बैठाकर जबरन मैदान में लाया गया। बावजूद इसके रैली सफल नहीं हो सकी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि जनता अब इस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार बैठी है।











