Himachal Desk: बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन मंडी द्वारा चलाई जा रही अनूठी पहल ‘देई 2.0’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न विद्यालयों में वृत स्तरीय किशोरी मेलों का आयोजन शुरू हो गया है। इन मेलों का उद्देश्य किशोरियों के समग्र विकास, शिक्षा, सुरक्षा, मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देना है। यह जानकारी बाल विकास परियोजना अधिकारी, मंडी-सदर जितेंद्र सैनी ने दी।
इसी श्रृंखला के तहत आज वृत कटौला द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, बागी में वृत्त स्तरीय किशोरी मेले का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य हेमराज ठाकुर ने की। उन्होंने ‘देई 2.0’ कार्यक्रम की सराहना की और छात्राओं को जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।
मेले में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मासिक धर्म स्वच्छता और बाल विवाह रोकथाम विषयों पर आधारित चित्रकला तथा स्लोगन लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। चित्रकला प्रतियोगिता में शुषमा (कक्षा 9) प्रथम, वंशिका (कक्षा 11) द्वितीय और लक्ष्मी (कक्षा 7) तृतीय स्थान पर रहीं। स्लोगन लेखन में रमेश (कक्षा 12) प्रथम, प्रीक्ष (कक्षा 10) द्वितीय तथा चिंता (कक्षा 10) तृतीय स्थान पर रहीं। मेले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
मेले में उपस्थित छात्राओं तथा छात्रों को बाल विवाह रोकथाम अधिनियम 2006, महिला और बाल संरक्षण से संबंधित कानूनों एवं अधिकारों की जानकारी प्रदान की गई और करियर काउंसलिंग सत्र भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग से डॉ. सपना ने टीम सहित छात्रों के स्वास्थ्य की जांच की। आयुष विभाग से डॉ. शालिनी राणा ने मासिक धर्म स्वच्छता पर मार्गदर्शन दिया और डॉ. किरण ने छात्राओं को योग अभ्यास करवाया। पुलिस विभाग से गजेन्द्र पाल (एएसआई) और इंद्र सिंह (हवलदार) ने महिला व बाल अधिकारों तथा सुरक्षा संबंधी कानूनी जानकारी प्रदान की।
महिला एवं बाल विकास विभाग की वृत पर्यवेक्षिका रमा देवी ने विभाग की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और 27 नवम्बर 2025 से 8 मार्च 2026 तक देशभर में चलाए जा रहे बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की।











