सपा विधायक सुधाकर सिंह का निधन; एक दौर में मुलायम सिंह के खिलाफ खोला था बगावत का मोर्चा

सपा विधायक सुधाकर सिंह का निधन; एक दौर में मुलायम सिंह के खिलाफ खोला था बगावत का मोर्चा

20 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Politics Desk: सपा विधायक सुधाकर सिंह का निधन, पूर्वांचल ने खो दिया ‘शेर-ए-घोसी’                  लखनऊ। उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक और अपनी बेबाक छवि के लिए मशहूर सुधाकर सिंह का 58 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। लीवर और किडनी संबंधी गंभीर बीमारी से जूझ रहे सुधाकर सिंह को तबीयत बिगड़ने पर मेदांता अस्पताल, लखनऊ में भर्ती कराया गया था, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। वह दिल्ली में माफिया मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे उमर अंसारी की पत्नी को आशीर्वाद देकर लौट रहे थे, तभी उनकी तबीयत अचानक खराब हुई।

तीन बार विधायक रहे सुधाकर सिंह जनता के बीच अपनी सीधी भाषा और जुझारू राजनीति के लिए बेहद लोकप्रिय थे। उनके खिलाफ दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज रहे, और कई बार जेल भी जाना पड़ा, लेकिन वह हमेशा जनता के मुद्दों पर मजबूती से खड़े रहे।

सपा नेतृत्व से टकराव भी किया था
2017 में सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने उनका टिकट काट दिया तो उन्होंने बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया। बाद में अखिलेश और मुलायम खेमे में सुलह के बाद वे पुनः सपा में लौट आए। उनके इस कदम को उनकी जुझारूपन और सिद्धांतवादी राजनीति का प्रतीक माना जाता है।

2023 उपचुनाव की ऐतिहासिक जीत
2023 के उपचुनाव में सुधाकर सिंह ने भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को करीब 50 हजार वोटों से हराकर बड़ा उलटफेर किया था। सरकारी मशीनरी के दबाव के बावजूद मिली यह जीत पूर्वांचल में उनकी गहरी पकड़ का प्रमाण बनी और उन्हें ‘शेर-ए-घोसी’ की पहचान दिलाई।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने एक सच्चा योद्धा खो दिया। सुधाकर सिंह का पार्थिव शरीर आज शाम घोसी लाया जाएगा, जबकि अंतिम संस्कार कल सुबह किया जाएगा।