13 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Himachal Desk: हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड और बर्फबारी के बाद अब मौसम में राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले पूरे सप्ताह प्रदेश भर में मौसम साफ और शुष्क रहेगा, जिससे लोगों को भीषण ठंड से निजात मिलेगी।
पिछले कुछ दिनों से लाहौल-स्पीति और कुल्लू-मनाली के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण तापमान शून्य से नीचे चला गया था। वहीं, मंडी, सुंदरनगर और बिलासपुर जैसे निचले क्षेत्रों में घना कोहरा छाने से जनजीवन प्रभावित हुआ था। लाहौल-स्पीति के केलांग में न्यूनतम तापमान -2.9°C, जबकि कुकुमसेरी और ताबो में -2.4°C दर्ज किया गया था।
शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले सात दिनों तक हिमाचल में बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। साफ आसमान और धूप के चलते न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
इस मौसमी बदलाव से प्रदेशवासियों को कड़ाके की ठंड से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने इस अवधि के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है, जिससे लोग बेझिझक अपनी दिनचर्या जारी रख सकेंगे और धूप का आनंद उठा पाएंगे।













