श्रीलंकाई खिलाड़ियों के फैसले से घबराया PCB, मोहसिन नकवी ने बदलवाया ODI सीरीज का शेड्यूल

श्रीलंकाई खिलाड़ियों के फैसले से घबराया PCB, मोहसिन नकवी ने बदलवाया ODI सीरीज का शेड्यूल

13 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Sports Desk:  इस्लामाबाद ब्लास्ट का असर: श्रीलंकाई खिलाड़ियों के फैसले से हिली PCB, बदला ODI सीरीज का शेड्यूल                                                                                                                इस्लामाबाद में हुए आतंकी धमाके का असर पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच चल रही वनडे सीरीज पर भी दिखाई दिया है। पाकिस्तान की राजधानी में मंगलवार, 11 नवंबर को कोर्ट के बाहर हुए विस्फोट के बाद श्रीलंकाई टीम में डर का माहौल बन गया। इसी डर के चलते कई खिलाड़ियों ने पाकिस्तान छोड़कर अपने देश लौटने की तैयारी शुरू कर दी।

श्रीलंकाई खिलाड़ियों की इस प्रतिक्रिया ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और उसके अध्यक्ष मोहसिन नकवी को मुश्किल में डाल दिया। हालात को संभालने और सीरीज बचाने के लिए PCB ने तत्काल बैठक की और सीरीज के बचे हुए दोनों मैचों को एक-एक दिन आगे बढ़ाने का फैसला किया।

पहले शेड्यूल के मुताबिक दूसरा वनडे गुरुवार, 13 नवंबर को रावलपिंडी में खेला जाना था, जबकि तीसरा मुकाबला 15 नवंबर को होना था। अब नया कार्यक्रम तय किया गया है — दूसरा मैच शुक्रवार, 14 नवंबर को और तीसरा मैच रविवार, 16 नवंबर को खेला जाएगा।

इस बीच, श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने भी अपने खिलाड़ियों को धमकी भरा संदेश जारी किया है। बोर्ड ने कहा है कि कोई भी खिलाड़ी या सपोर्ट स्टाफ सदस्य सीरीज बीच में नहीं छोड़ेगा, अन्यथा अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, इस धमकी के बावजूद कई खिलाड़ी अपनी सुरक्षा को लेकर असमंजस में हैं और यह साफ नहीं है कि दोनों टीमें तय तारीखों पर मैदान में उतर पाएंगी या नहीं।

आतंकी हमले के बाद उपजे हालात ने एक बार फिर पाकिस्तान में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।