किरतोवाल खुर्द में हैप्पी सीडर और सुपर सीडर मशीनों से गेहूं की बुवाई का शुभारंभ

किरतोवाल खुर्द में हैप्पी सीडर और सुपर सीडर मशीनों से गेहूं की बुवाई का शुभारंभ

तरनतारण, 01 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Punjab Desk:  खेती करते समय हर किसान की यह इच्छा होती है कि फसल उत्पादन की लागत कम हो और आय अधिक मिले। यह तभी संभव है जब किसान नई कृषि तकनीकों को समझकर हिम्मत और लगन के साथ अपनाए। ये विचार ब्लॉक कृषि अधिकारी पट्टी, डॉ. भूपिंदर सिंह ने ग्राम किरतोवाल खुर्द में व्यक्त किए। यहां पिछले छह वर्षों से सफलतापूर्वक पराली प्रबंधन कर रहे किसानों द्वारा हैप्पी सीडर और सुपर सीडर मशीनों के माध्यम से गेहूं की बुवाई की शुरुआत की गई।

गेहूं की बुवाई के शुभारंभ अवसर पर सर्कल अधिकारी दयाप्रीत सिंह, कृषि विस्तार अधिकारी रत्ता गुड्डा, कृषि विज्ञान केंद्र बूह के डॉ. नवजोत सिंह ब्राड़ और डॉ. साहिल ने बताया कि गेहूं की बुवाई के लिए नवंबर का पहला पखवाड़ा सबसे उपयुक्त समय है। उन्होंने कहा कि बेहतर फसल उत्पादन के लिए उचित तकनीक अपनाने के साथ-साथ स्वच्छ और प्रमाणित बीज को कीटनाशक व फफूंदनाशी दवाओं से उपचारित करना लाभदायक होता है।

विशेषज्ञों ने बताया कि फसलों के अवशेष जलाने से भूमि की ऊपरी सतह का तापमान बढ़ जाता है, जिससे मिट्टी की नमी और उसमें पाए जाने वाले उपयोगी सूक्ष्म जीव नष्ट हो जाते हैं, परिणामस्वरूप भूमि की उर्वरता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

इस अवसर पर रणवीर सिंह, हरप्रीत सिंह, लहिंबर, सुखजिंदर सिंह, कृषि उप निरीक्षक गुरसिमरन सिंह और राजबीर सिंह ने सहयोग और जानकारी साझा की।